जयपुर। राजस्थान अपराधिक घटनाओं में देश में पहले पायदान पर है। प्रदेश में बढ़ती इन घटनाओं पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीएम गहलोत ने कहा कि निर्भया कांड के बाद जब से यह किया गया कि रेपिस्ट को फांसी की सजा मिलेगी। उसके बाद बच्चियों की रेप के बाद हत्याएं बहुत बढ़ रही हैं। रेप करने वाला देखता है कि कल यह मेरे खिलाफ गवाह बन जाएगी तो हत्या कर देता है। गहलोत शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

बढ़ता क्राइम चिंता का विषय
सीएम गहलोत ने कहा कि देश में बहुत बड़ा चैलेंज है। पूरे देश से ​जो रिपोर्ट आ रही है। वह बहुत चिंताजनक है। वैसे भी आप देख रहे हैं कि बेरोजगारी बहुत भयंकर है। महंगाई का जमाना है। असामाजिक तत्व बहुत बढ़ रहे हैं। देश-प्रदेश में क्राइम बढ़ रहा है। हिंसा बढ़ रही है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े हो रहे हैं। तनाव और हिंसा बढ़ रही है। कहीं, बच्चियों से रेप हो रहे हैं। क्राइम लगातार बढ़ रहा है। जो बहुत चिंता की बात है।

हर साल 2000 बच्चियों से हो रहा दुष्कर्म
राजस्थान में हर साल करीब 2000 बच्चियों से दूष्कर्म किया जा रहा है। जनवरी 2020 से जनवरी 2022 तक नाबालिग बच्चियों से रेप के 4091 पॉक्सो एक्ट केस दर्ज हुए हैं। वहीं दो साल की बात करें तो इस दौरान महिलाओं से रेप के कुल 11,368 केस दर्ज हुए हैं। दो साल में 26 मामले ऐसे हैं। जिनमें रेप के बाद हत्या कर दी गई।

वसुंधरा राजे के राज में बना था फांसी की सजा का कानून
बता दें कि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के कार्यकाल में नाबालिगों से रेप करने वालों को फांसी की सजा का प्रावधान करने का कानून बनाया था। सीएम गहलोत ने नाबालिगों से रेप पर फांसी की सजा करने के प्रावधान के बाद बच्च्यिं की हत्या करने के मामले बढ़ने का बयान दिया है। यह बात पहले भी कई नेता उठा चुके हैं।

चूरू में अश्लील वीडियो की धमकी देकर किया दुष्कर्म
प्रदेश के चूरू जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रतननगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 30 साल की विवाहिता महिला का पहले अश्लील वीडियो बनाया गया। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने पहले मौका पाकर महिला के नहाते हुए अश्लील विडियो बनाया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने परेशान होकर 4 अगस्त को फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड का भी प्रयास किया। इसके बाद परिजनों को पूरे मामले का पता लगना। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।