जयपुर। राजस्थान में पिछले दिनों से जारी झमाझम बारिश की वजह से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इस मुश्किल वक्त में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनकी सरकार प्रभावित लोगों के लिए उ​चित व्यवस्था नहीं करवाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने सोमवार को बारां और झालावाड़ जिले का हवाई सर्वे कर गहलोत सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। राजे आज झालावाड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौर पर है। हवाई मार्ग से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सांसद दुष्यंत सिंह के साथ पहुंची।

इन क्षेत्रों का किया दौरा
राजे ने यहां पर हेलीकॉप्टर से सीसवाली, मांगरोल, छिनोद, शाहबाद, बील खेड़ा डांग, कवाई, छबड़ा, छीपाबड़ौद, अंता और बारां आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाके का हवाई सर्वे किया। इसके बाद वे बारां में उतरी जहां पर सांसद कार्यालय पहुंची।

जनता को अपने हाल पर छोड़ बैठी सरकार
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि पिछले 10 दिन में यहां बाढ़ के हालात जो बने हैं, उसे मैं देख रही हूं। सरकार कहीं नहीं नजर आ रही है। जनता को अपने हालात पर छोड़ दिया है। ऐसे समय में सामान्य तौर पर मुख्यमंत्री दौरा और हवाई निरीक्षण करते हैं, लोगों से मिलते हैं। जब भी साइक्लोन आया था तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गए थे।

100 प्रतिशत बर्बाद हो गईं फसलें
वसुंधरा राजे ने कहा कि संभागीय आयुक्त आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। फसलें 60 या 70 फीसदी नहीं पूरी 100 प्रतिशत खराब हो चुकी है। बर्बादी नजर आ रही है, पानी दूर-दूर तक फैला हुआ है। संभागीय आयुक्त कहते हैं कि 30 फीसदी नुकसान हुआ है, मैं समझती हूं कि यह आखों में धूल झोंकने की बात है।