चाय के साथ बड़े चाव से एक निजी कंपनी का बिस्किट खाने वालों के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है। भारत के लोकप्रिय बिस्किट ब्रांड की निर्माता कंपनी चौतरफा घिर गई है। भारत के खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने कंपनी के कारखाने में भारी गड़बड़ियां पकड़ते हुए न केवल उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इसके तुरंत बाद नेपाल सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को एक नोटिस जारी कर निजी बिस्किट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।

बिस्किट में पशु चारे का इस्तेमाल

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने जब बिस्किट निर्माण प्लांट का निरीक्षण किया, तो वहां साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ती मिलीं। जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि बिस्किट तैयार करने में पशुओं को खिलाए जाने वाले चारे का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे इंसानी सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ माना गया और नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।