जयपुर। जब से परदेस में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से विकास कार्य बंद पड़े हैं। अशोक गहलोत के मंत्री और विधायक एक दूसरे से ही उलझते हुए नजर आ रहे हैं। अशोक गहलोत की सरकार अपना आधा कार्यकाल पूरा कर चुकी है लेकिन प्रदेश में एक भी जगह ऐसी नहीं है जहां विकास कार्य हुआ हो। पिछले 2 से 3 सालों में अशोक गहलोत अपने मंत्रियों और विधायकों से कामकाज कराने में असफल रहे। कांग्रेस विधायक अपने ही सरकार के मंत्रियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हैं हाल ही में एक ऐसा ही मामला और सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार के खान मंत्री प्रमोद जैन भाया पर हमला बोला है।

मंत्री प्रमोद जैन के खिलाफ गंभीर आरोप
विधायक भरत सिंह ने मंत्री प्रमोद जैन पर गंभीर आरोप लगाते हुये बयान और फोटो जारी किये हैं। सिंह ने मंत्री जैन पर अपने मित्र को गोंडावन संरक्षण केंद्र सोरसन इलाके में 2 खनन पट्टे दिलवाने का आरोप लगाया है। सिंह का आरोप है कि सोरसन में खानों के पट्टे दिये जा रहे हैं। सिंह ने आगामी एक नवंबर को सोरसन में प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दे रखी है।

कोटा में करेंगे पैदल मार्च
कांग्रेस विधायक सिंह ने कहा है कि वे अपनी मांग को लेकर कोटा में 1 नवंबर को पैदल मार्च भी करेंगे। विधायक भरत सिंह ने मंत्री प्रमोद जैन भाया पर आरोप लगाते हुये कहा कि उन्होंने अपने मित्र कृष्णकांत शर्मा उर्फ मोनू को खनन पट्टे दिलवाये हैं। उन्होंने मंत्री भाया के साथ मोनू का फोटो भी जारी किया है। सिंह का आरोप है कि मंत्री भाया के शह पर ही गोंडावन संरक्षण केंद्र में खानों के पट्टे जारी किये जा रहे हैं।

सीधी सट्ट बात कहने के लिये चर्चित हैं विधायक
भरत सिंह का अपने इलाके के कई नेताओं से छत्तीस का आंकड़ा माना जाता है। सीधी सट्ट बात कहने वाले सिंह की इस कार्यशैली के कारण कांग्रेस के कई नेता उनसे बचते हुये भी नजर आते हैं। पिछले दिनों भी सिंह ने खान मंत्री भाया को लेकर बयान दिया था। उसके बाद भाया ने भी उसका सियासी जवाब दिया था।

अपनी सरकार को कई बार घेर चुके है विधायक
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस विधायक भरत सिंह अपनी सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे है। इससे पहले भी वे कई बार अपनी ही सरकार को कई बार घेर चुके हैं। सिंह पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में पंचायतीराज मंत्री रह चुके हैं। वे कोटा के सांगोद से विधायक हैं। सिंह अपने तल्ख तेवरों और बयानबाजी के लिये जाने जाते हैं। मंत्री रहते हुये भी अपने बयानों के लिये चर्चित रह चुके हैं।