जयपुरः प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला है. बीते 24 घंटे में 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे आया है. 10 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर भीलवाड़ा रहा. राजस्थान के 10 शहरों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आज बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभाग में बारिश की संभावना है.

शेखावाटी क्षेत्र में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट संभव है. कसल फलोदी, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और माउंट आबू में बारिश हुई. अगले 4 से 5 दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

प्रदूषण से मिलेगी राहतः
कोटकासिम में मौसम का मिजाज बदला है. कोटकासिम में सुबह बूंदाबांदी हुई, आसमान में घने काले बादल छाए. बारिश से प्रदूषण से राहत मिलेगी, मौसम में ठंडक घुलने के आसार है. मावठ की बारिश से फसलों को फायदा मिलेगा. ऐसे में किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार है. सर्दी नहीं पड़ने से फसलों पर असर पड़ रहा है. मावठ बरसी तो फसलों के लिए सोना बरसेगा.

सर्दी का हुआ अहसासः 
लाडनूं में मौसम ने करवट बदली है. देर रात से ठंडी हवाएं जबरदस्त चल रही है. अब बादलों की गर्जना के साथ बारिश शुरु हुई. आज से सर्दी का लोगों को अहसास हुआ है.