
झालावाड़। संसदीय क्षेत्र झालावाड़-बारां के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों से कोटा जंक्शन से रतलाम जंक्शन के बीच नई मेमू ट्रेन के संचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह ट्रेन झालावाड़ रोड एवं चौमहला होते हुए संचालित होगी।
नई रेल सेवा शुरू होने से झालावाड़ रोड, भवानीमंडी, चौमहला सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर दैनिक रेल यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कोटा और रतलाम के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से यात्रियों के लिए आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसे में इस नई मेमू ट्रेन को मिली स्वीकृति को क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस स्वीकृति पर सांसद दुष्यंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, बेहतर परिवहन सुविधाओं और आमजन की सहूलियत के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
नई रेल सेवा की स्वीकृति से झालावाड़-बारां क्षेत्र के रेल यात्रियों में खुशी का माहौल है।





