राजस्थान के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। अब वे बिना महंगी कोचिंग पर निर्भर हुए फिजिक्स वाला ऐप के माध्यम से NEET–JEE जैसी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कर सकेंगे

अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने ‘फिजिक्स वाला’ ऐप के साथ एमओयू किया है, जिसके बाद सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को यह ऐप पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगा। महंगे कोचिंग संस्थानों का खर्च वहन नहीं कर पाने वाले अभिभावकों के बच्चों को इस पहल से बड़ी सुविधा मिलेगी। विज्ञान संकाय के विद्यार्थी अपने स्तर पर नीट-जेईई की तैयारी कर सकेंगे।

 

कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को फ्री एक्सेस

सरकारी स्कूलों के कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थी ऐप पर उपलब्ध वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, अभ्यास प्रश्न का मुफ्त उपयोग कर सकेंगे। कक्षा 8 के विद्यार्थियों को यह ऐप नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा की तैयारी में भी मदद करेगा।