माहेश्वरी समाज कंवेंशन और ग्लोबल एक्सपो के दूसरे दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज भगवान महेश के संस्कारों पर चलने वाला समाज है। जैसे भगवान शिव ने विष पिया, वैसे ही माहेश्वरी समाज भी त्याग, सेवा और समर्पण की भावना से काम कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो नींव रखी, अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि यह सम्मान, त्याग और सेवा की परंपरा आने वाली पीढ़ी को समर्पित की जाए। आजादी से पहले और बाद में समाज का योगदान रहा है। अब उद्यमशीलता और तकनीक के जरिए समाज और देश को आगे ले जाने की जरूरत है। यह समय परिवर्तन और अनुकूल माहौल का है, कठिन मेहनत के साथ समाज उत्थान के लिए काम करने की जरूरत है।

 

उन्होंने कहा कि इस समय देश में सामाजिक और आर्थिक बदलाव हो रहे हैं, ऐसे में विचार और मंथन होना चाहिए कि देश को आगे बढ़ाने में हमारा क्या योगदान हो सकता है। देशहित और राष्ट्रहित में कार्य करने की जरूरत है। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री केके विश्नोई, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी और अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महासभा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।