
जयपुर। पाँच साल के लंबे अंतराल के बाद एसपीआईसी मैके राजस्थान अपना लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘म्यूज़िक इन द पार्क’ दोबारा शुरू करने जा रहा है। इस बार यह आयोजन नए रूप में ‘कल्चरल डायरीज़ – अनहद श्रृंखला’ के नाम से होगा। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान पर्यटन विभाग के सहयोग और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर के समर्थन से किया जा रहा है।
शुक्रवार, 5 सितंबर को होने वाले इस आयोजन में विश्वप्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका और पद्मभूषण से सम्मानित बेगम परवीन सुल्ताना अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके साथ हारमोनियम पर विनय मिश्रा और तबले पर मिथिलेश झा संगत करेंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के कन्वेंशन हॉल लॉन में होगा।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल शास्त्रीय संगीत का रसास्वादन कराना है, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और स्वयंसेवा की भावना से भी जोड़ना है। खुले वातावरण में होने वाला यह आयोजन जयपुर की सांस्कृतिक धरोहर में एक नया अध्याय जोड़ेगा।





