देश में एलपीजी गैस की कथित कमी (LPG Shortage) को लेकर शुक्रवार को लोकसभा (Lok Sabha) में भारी हंगामा हुआ, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी. इस बीच, राजस्थान बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद मदन राठौड़ (Madan Rathore) ने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सरकार का मजबूती से पक्ष रखा है.

‘अराजकता फैलाना चाहता है विपक्ष’

दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए मदन राठौड़ ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने बिल्कुल सही कहा है. देश में कहीं भी गैस, पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है. हमने उत्पादन बढ़ाया है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू हैं. विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे केवल देश में अराजकता और अव्यवस्था फैलाना चाहते हैं.’

लोकसभा में ‘मोदी जी, एलपीजी’ के नारे

बताते चलें कि शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने एलपीजी की किल्लत का मुद्दा उठाया. विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के पास पहुंच गए और ‘मोदी जी, एलपीजी’ के नारे लगाने लगे. हंगामा इतना बढ़ा कि दोपहर 12 बजे और फिर 2 बजे तक के लिए सदन स्थगित कर दिया गया.

रीजीजू का राहुल गांधी पर हमला

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने भी कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद और उनके नेता राहुल गांधी सुधरने को तैयार नहीं हैं. रीजीजू ने तंज कसते हुए कहा, ‘विपक्ष के नेता संसद परिसर में गिलास-थाली लेकर नाटक कर रहे हैं ताकि जनता का ध्यान खींच सकें, लेकिन जनता सब देख रही है. इस तरह के आचरण से वे सत्ता में नहीं आ सकते.’

लोकसभा अध्यक्ष की नसीहत

इससे पहले, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल में जनता के मुद्दे उठाने के बजाय गतिरोध पैदा करना संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यदि सदस्य सदन की मेजों पर चढ़ेंगे, तो निलंबन जैसी कार्रवाई निश्चित है.