news of rajasthan

news of rajasthan

आज विश्व हिन्दी दिवस है। हर साल 10 जनवरी को पूरी दुनियाभर में यह दिन मनाया जाता है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर हिन्दी के लिए अनूठे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह ने 10 जनवरी, 2006 को विश्व हिन्दी दिवस मनाने की शुरुआत की थी। तभी से हर साल 10 जनवरी को विश्व हिन्दी दिवस मनाया जाता है। चूंकि विश्व हिन्दी दिवस का उद्देश्य विश्‍व भर में हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए वातावरण निर्मित‍ करना और हिन्दी को अंतरराष्‍ट्रीय भाषा के रूप में पेश करना है इसलिए विदेशों के भारत दूतावास में इस दिन को विशेष रूप से मनाया जाता है।


आइए जानते हैं विश्व हिन्दी दिवस के बारे में 10 खास बातें …

1. देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह ने 10 जनवरी, 2006 को हर साल विश्व हिन्दी दिवस के रूप मनाए जाने की घोषणा की थी। तभी से यह दिवस लगातार मनाया जा रहा है।

2. विदेशों में भारतीय दूतावास विश्व हिन्दी दिवस के मौके पर विशेष आयोजन करते हैं। सभी सरकारी कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर हिन्दी में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

3. नॉर्वे में पहला विश्व हिन्दी दिवस भारतीय दूतावास ने मनाया था। इसके बाद दूसरा और तीसरा विश्व हिन्दी दिवस भारतीय नॉर्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम के तत्वाधान में लेखक सुरेशचन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में बहुत धूमधाम से मनाया गया।

4. हिन्दी दुनिया भर में सबसे ज्‍यादा बोली जाने वाली पांच भाषाओं में से एक है। विश्‍व के सैंकड़ों व‍िश्‍वविद्यालयों में हिन्दी पढ़ाई जाती है और पूरी दुनिया में करोड़ों लोग हिन्दी बोलते हैं।

5. विश्व आर्थिक मंच की गणना के अनुसार हिन्दी विश्व की दस शक्तिशाली भाषाओं में से एक है।

6. नेपाल, बांग्‍लादेश, पाकिस्‍तान ​सहित अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, न्‍यूजीलैंड, संयुक्‍त अरब अमीरात, युगांडा, गुयाना, सूरीनाम, त्रिनिदाद, मॉरिशस और साउथ अफ्रीका जैसे देशों में हिन्दी का इस्तेमाल आम बोलचाल में किया जाता है।

7. दुनिया भर में हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए पहला विश्‍व हिंदी सम्‍मेलन 10 जनवरी, 1975 को नागपुर में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में 30 देशों के 122 प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

8. 2017 में ऑक्‍सफोर्ड डिक्‍शनरी में पहली बार अच्छा, बड़ा दिन, बच्चा और सूर्य नमस्कार जैसे हिन्दी शब्‍दों को शामिल किया गया है।

9.दक्षिण प्रशान्त महासागर के मेलानेशिया में फिजी नाम का एक द्वीप है। फिजी में हिन्दी को अधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है। इसे फि‍जियन हिंदी या फि‍जियन हिन्दुस्तानी भी कहते हैं। यह अवधी, भोजपुरी और अन्य बोलियों का मिला-जुला रूप है।

10. 14 सितंबर, 1949 को देश की संविधान सभा ने हिन्दी को राजभाषा का दर्जा दिया था। तभी से प्रत्येक 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

Read more: मोदी सरकार का एक और बड़ा फैसला, गरीब सवर्णों के आरक्षण पर संसद की मुहर