जयपुर। मां-बाप बनना दुनिया में सबसे बड़ा सुख माना जाता है। बच्चा पैदा होने पर घर में खुशियां ही खुशियां छा जाती हैं, लेकिन एक महिला ने एकसाथ 5 बच्चों को जन्म देकर घर की खुशियों को 5 गुना कर दिया है। जी हां, गर्भ में एक साथ 5 बच्चे होने के कारण महिला का प्रसव समय से करीब 2 महीने पहले ही हो गया। राजस्थान की राजधानी जयपुर के जनाना अस्पताल में एक महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया है। इनमें 3 लड़के और 2 लड़कियां शामिल हैं। 5 में से एक बच्चा मृत (Dead) पैदा हुआ। अभी एक नवजात वेंटीलेटर पर है, जबकि तीन अन्य स्वस्थ बताए जा रहे हैं। प्रसूता और बच्चों को चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। एक साथ 5 बच्चों के जन्म की जानकारी के बाद अस्पताल में यह चर्चा का विषय बना रहा।

बच्चों का सामान्य से काफी कम है वजन
जनाना अस्पताल की अधीक्षक डॉ.लता राजोरिया ने बताया कि चारों बच्चे ही प्रीमैच्योर एवं कम वजनी है। प्रसूता पूरी तरह से स्वस्थ है। रूखसाना का पति रहीम ऑटो रिक्शा चलाता है। जानकारी के अनुसार राजस्थान में इस तरह का यह पहला मामला है। इससे पहले किसी महिला ने एक साथ 5 बच्चों को जन्म नहीं दिया। सिजेरियन डिलीवरी से हुए इन बच्चों का वजन सामान्य नवजातों से काफी कम है। इन बच्चों का वजन 400 ग्राम से लेकर 1 किलो तक का है। यह महिला की तीसरी डिलीवरी बताई जा रही है।