जयपुर। राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेशभर में पल-पल मौसम का मिजाज बदल रहा है। दूसरे दिन सोमवार को भी प्रदेश में विभिन्न जगहों पर बारिश का दौर जारी रहा। वहीं जयपुर में ठंडी हवाओं के साथ ही आज सुबह हल्की बारिश का दौर रहा। इससे तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई। सोमवार सुबह जयपुर का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह हल्की बारिश हुई। बाद में सूर्यदेव ने दर्शन दिए। दोपहर को फिर झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।

फसलों को काफी नुकसान
प्रदेश में बिन मौसम हो रही बारिश ने किसानों की मद तोड़कर रख दी है। पिछले दो दिनों से दिन और रात को बादल जमकर बरसे और ओलेगिरे। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश आसमानी आफत के रूप में खेतों में खड़ी फसलों पर कहर बनकर बरसी। जिले के कई गांव में ओलावृष्टि ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।

सर्वे करवाकर मुआवजे की मांग
जयपुर, कोटा सहित प्रदेश के कई जिलों में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने राज्य सरकार से प्रभावित गांवों का सर्वे करवाकर मुआवजे की मांग की है। क्योंकि किसानों ने कई गांव में फसलें पूरी तरह से बर्बाद होने की आशंका व्यक्त की है। किसानों के मुताबिक बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि से सरसों, चना और धनिया की फसल को बड़े स्तर नुकसान की आशंका है।

रात को ढाई घंटे तक बरसे बादल
कोटा शहर में रविवार रात को ढाई घंटे तक बादलों की गर्जना और बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश हुई है। इससे सड़कों पर पानी बह निकला। सर्द मौसम में खुले आसमान के नीचे गुजर-बसर करने वाले लोगों की बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है। वहीं घने कोहरे ने वाहन चालकों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी रात को 900 मीटर के करीब बनी हुई थी।