जयपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने यूपी, ओडिशा, राजस्थान, बिहार और छत्तीसगढ़ में पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तारीख का एलान कर दिया है। राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा और इसके नतीजा 8 दिसंबर को जारी किया जाएगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही अब उम्मीदवारी के लिए बीजेपी और कांग्रेस में घमासान मचने वाला है।

5 दिसंबर को होगा मतदान
प्रदेश चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट के लिए आगामी 5 दिसंबर को उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग ने शनिवार को इसका ऐलान कर दिया है। यह सीट कांग्रेस विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा के निधन से रिक्त हुई थी। चुनाव आयोग के मुताबिक पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। उसके तीन दिन बाद आठ दिसंबर को मतगणना होगी।

17 नवंबर तक भरे जाएंगे नामांकन
निर्वाचन आयोग ने शनिवार को राजस्थान सहित पांच राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों के उपचुनाव के लिए 10 नवंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन 17 नवंबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। उसके बाद मतदान पांच दिसंबर को और मतगणना आठ दिसंबर को होगी।
शेड्यूल इस प्रकार है—
नामांकन : 10 से 17 नवंबर
नामांकन पत्रों की जांच : 18 नवंबर
नाम वापसी का अंतिम समय : 21 नंवबर
मतदान : 5 दिसंबर
परिणाम : 8 दिसंबर

MLA भंवरलाल के निधन से खाली हुई सीट
राजस्थान में चूरू जिले की सरदार शहर सीट पूर्व विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन के बाद खाली हो गई थी। कांग्रेस के सिंबल पर जीतकर आए विधायक भंवर लाल शर्मा लम्बे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। इनका पिछले महीने 9 अक्टूबर को निधन हो गया था।

शर्मा के बेटे को टिकट मिलना तय
पिछले उपचुनावों की तरह इस बार सरदारशहर में भी कांग्रेस सहानुभूति कार्ड चलेगी। भंवरलाल शर्मा के परिवार से टिकट मिलना तय माना जा रहा है। शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को कांग्रेस मैदान में उतार सकती है। मौजूदा विधायकों के निधन के बाद कांग्रेस ने सभी जगह उनके परिवारों से ही टिकट दिए और सभी जगहों पर जीत हासिल की। ऐसे कांग्रेस यहां भी इस आजमाए हुए फाॅर्मूले पर चल सकती है।

अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
राजस्थान में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं। इनमें से वर्तमान में कांग्रेस के पास 107, बीजेपी के पास 71 और 13 निर्दलीय विधायक हैं। एक सीट खाली है जबकि शेष सीटें अन्य दलों के पास हैं। प्रदेश में अगले साल 2023 के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।