जयपुर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से बुधवार को कई बड़े नेताओं, पूर्व मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात की हैं। इस मुलाकात के बाद भाजपा में सियासी अटकलों का दौर तेज हो गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभुलाल सैनी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व विधायक रामलाल गुर्जर, अजमेर देहात के पूर्व अध्यक्ष बीपी सारस्वत, चित्तौड़ के पूर्व जिलाध्यक्ष रतन गाडरी व पूर्व प्रदेश मंत्री जगदीश देवासी सहित कई नेता 13 सिविल लाइंस में सूबे की पूर्व सीएम राजे से मुलाकात करने पहुंचे। प्रभु लाल सैनी की मुलाकात सबसे ज्यादा चर्चाओं में रही। सैनी ने करीब 2 घंटे तक राजे से बातचीत की।

प्रभु लाल सैनी की मुलाकात रही चर्चा में
बताया जा रहा है कि सैनी केंद्र में ओबीसी आयोग व किसान आयोग में चेयरमैन बनना चाहते हैं। इसे लेकर वे कई बार दिल्ली का दौरा भी कर चुके हैं। माना जा रहा है कि राजे से उनकी यह मुलाकात इसी के लिए थी। विधानसभा चुनाव हारने के बाद सैनी के पास प्रदेश भाजपा में फिलहाल कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं है। हालांकि खींवसर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में उन्हें पार्टी ने प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी। भाजपा के एक बड़े नेता ने बताया कि पार्टी में संगठनात्मक चुनाव हो चुके हैं और अब मोर्चों और आयोगों में नई नियुक्तियों का दौर शुरू होगा।

राहुल की रैली पर राजे बोली, प्रदेश में महिलाओं पर 50% अपराध बढ़े
भाजपा ने राहुल गांधी की युवा आक्रोश रैली फ्लॉप शो बताया है। रैली में राहुल के भाषण पर भी भाजपा नेताओं ने खूब तंज कसे। भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार ने रैली के लिए जबरन भीड़ जुटाई। राहुल ने अपनी रैली में जिन मुद्दों को उठाया उन्हीं को लेकर भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किए हैं। राजे ने कहा कि भारत को रेप कैपिटल कहने से पहले राहुल गांधी को एक बार राजस्थान में बेटियों के खिलाफ बढ़ते अपराध पर अध्ययन कर लेना चाहिए। क्या नामदार जानते हैं कि पिछले एक वर्ष में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 50 प्रतिशत की वृद्धि हो गई है।