जयपुर। प्रदेश में कांग्रेस सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ—साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की योजनाओं पर कटाक्ष किए। उन्होंने द्रव्यवती और खासा कोठी फ्लाईओवर पर राजे को घेरा। इसके जवाब में सोमवार शाम राजे ने कहा कि कैसा सरकार के एक साल का उत्सव। राजस्थान में सरकार है ही कहां। सरकार होती तो प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज होता और हमारी बच्चियां सुरक्षित होती।

हमारी बच्चियां महफूस नहीं
सूबे की पूर्व सीएम राजे ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार से सवाल करते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार होती तो प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज होता और हमारी बच्चियां महफूस रहती। महिला सशक्तीकरण की पर्याय भामाशाह योजना बंद नहीं होती। महिलाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने वाली भामाशाह डिजिटल योजना खत्म नहीं होती। गरीबों की लाइफ लाइन भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना पर ताले नहीं लगते।

किसानों को केंद्र की योजनाओं का मिलता फायदा
वसुंधरा राजे ने कहा कि यदि राजस्थान में सरकार होती तो मुख्यमंत्री जलस्वावलंबन योजना पर रोक नहीं लगती। नवजवानों को बेरोज़गारी का सामना नहीं करना पड़ता और मजदूरों को मजदूरी के लिए तरसना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अगर सरकार होती तो लोगों पर टोल टेक्स का भार नहीं पड़ता। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में सरकार होती तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रदेश के सब किसानों को मिलता। वादे के अनुसार सभी किसानों का पूरा कर्ज माफ होता और केंद्र की आयुष्मान भारत योजना लागू करने में राजनीति नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार के पास अपनी ना कोई नीति और ना ही कोई नेता है। वो सिर्फ बीजेपी की योजनाओं का नाम बदल रहे है।

कांग्रेस ने प्रदेश में विकास की रफ्तार पर लगाई रोक
राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार भले ही विकास के झूठे दावे कर खुद की पीठ थपथपा रही हो। लेकिन सच्चाई यही है कि इस सरकार ने प्रदेश में विकास की रफ्तार को रोकने के साथ-साथ लोगों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित कर दिया है। राजस्थान में किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी तथा कर्मचारी सहित हर वर्ग पिछले एक वर्ष में फैली अराजकता से व्यथित है। क्योंकि बिजली, पानी, शिक्षा व सड़क जैसी सुविधाओं के लिए भी लोग बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राजस्थान की जनता इसलिए भी बेहद निराश है क्योंकि उनसे ना सिर्फ उनका बढ़ता हुआ व विकसित राजस्थान छीन लिया गया है।