जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की सैकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा ग्रुप सी का पेपर लीक होने के बाद प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। पेपर लीक केस पर सूबे में राजनीति का पारा चढ़ा हुआ है। गहलोत सरकार विपक्षी दल बीजेपी के निशाने पर आ गई है। पुलिस ने खुलासा करते हुए अब तक कुल 55 लोगों को गिरफ्तारी कर लिया है। पुलिस ने पेपर लीक मामले में दो अलग-अलग थानों में दो मामले दर्ज किए हैं। इधर पेपर लीक के मामले में गहलोत सरकार के खिलाफ राज्य भर में प्रदर्शन हो रहे हैं। सोमवार को राजधानी जयपुर में बीजेपी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस फाटक पर प्रदर्शन किया और पेपर लीक के विरोध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका।

BJP युवा मोर्चा ने फूंका गहलोत का पुतला
पेपर लीक के मामले में शनिवार को शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला के आवास पर प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका और इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान सिविल लाइंस फाटक पर पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोक दिया और इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई।

शिक्षा विभाग के 4 कर्मचारी बर्खास्त
शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक केस में गहलोत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए शिक्षा विभाग के चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। इनमें जालोर के जसवंतपुरा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के वरिष्ठ संस्कृत अध्यापक रावताराम, जालोर के ही झाब के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के एलडीसी पुखराज और सिरोही के गोल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के साइंस के सैकेंड ग्रेड टीचर भागीरथ शामिल है। वहीं नकल गैंग में शामिल बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की कड़ी में उनकी संपत्ति को जब्त किया जाएगा।

55 गिरफ्तारियां, सभी रिमांड पर
राजस्थान में RPSC की सैकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो जाने से लाखों आक्रोशित अभ्यर्थी सड़कों पर हैं। वहीं सभी आरोपियों को रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां 7 महिला आरोपियों को 2 दिन और 48 आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं अब पेपर लीक मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं जहां अब जीके के बाद उर्दू-अंग्रेजी का पेपर भी लीक होने की भी आशंका जताई जा रही है।

अब उर्दू-अंग्रेजी का पेपर भी लीक होने की आशंका
सरकार ने सैकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती में पेपर लीक का खुलासा होने के बाद जीके का पेपर रद्द कर दिया लेकिन कई अभ्यर्थियों का कहना है कि इससे पहले के भी पेपर हुए हैं। जानकारी के मुताबिक 20 दिसंबर से जिस बस को पकड़ा गया है उसकी लोकेशन जालोर से उदयपुर के बीच आ रही है और वह गोगुंदा टोल नाके के सीसीटीवी में भी कैद हुई है। ऐसे में सैकेंड ग्रेड शिक्षक ग्रुप ए का जीके और उर्दू-अंग्रेजी का पेपर भी लीक होने की आशंका जताई जा रही है।

मास्टर मांइड सुरेश ढाका के कई नेताओं से हैं संबंध
पेपर लीक के मास्टर माइंड सुरेश ढाका के कई दिग्गज नेताओं के साथ जुड़े होने के फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे हैं। उसके केवल राजस्थान के ही नहीं बल्कि देश के कई नेताओं के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं। जयपुर में कोचिंग सेंटर चलाने वाला मास्टर माइंड सुरेश ढाका फर्जी तरीके से सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स बढ़ाकर राजस्थान के सैकड़ों बेरोजगारों को अपने चंगुल में फंसा रहा था।

पहले भी 2 बार जेल जा चुका है सुरेश ढाका
गिरोह का सरगना सुरेश ढाका जालोर के सांचौर से 20 किलोमीटर दूर स्थित अचलपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता मांगीलाल वर्तमान में सरपंच हैं। सुरेश पहले जेल भी जा चुका है। वह पहली बार मनी लॉड्रिंग और दूसरी बार पेपर लीक केस में जेल गया था। वह जयपुर में गुर्जर की थड़ी पर उमंग क्लासेज के नाम से कोचिंग चलाता है।