जयपुर। प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। केन्द्र सरकार की ओर से जारी की गई अनलॉक-3 गाइडलाइन के अनुसार शहर में अब कंटेंनमेंट जोन में लॉकडाउन लागू किया जाएगा। वहीं, बफर जोन भी बनाए जाएंगे। बफर जोन में भी प्रतिबंध लगाए जाएंगे। यहां आवश्यक सेवाओं को ही छूट दी जाएगी। जयपुर में 52 इलाकोंं में कटेंनमेंट जोन बने हुए हैं। यहां 50 मीटर की अवधि में इलाका बंद ही रहता है। अब नए केस आने पर कंटेंनमेंट जोन के आस-पास इलाकों में बफर जोन बनेंगे। वहीं दूसरी ओर गाइडलाइन की अनुपालना में शहर में मेट्रो का संचालन बंद रहेगा। अंतरराष्ट्रीय उड़ान बंद रहेंगी। 31 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज को बंद रखा गया है। जयपुर क्लक्टर अंतरसिंह नेहरा ने कहा कि जयपुर में हम पहले ही कंटेंनमेंट जोन बना रहे हैं, वहां लॉकडाउन रहता है। वहीं बफर जोन में हम पूरे एहतियात बरत रहे हैं। प्रदेश की गाइडलाइन आने के बाद तैयारियां की जाएगी।

सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, थियेटर बंद
सार्वजनिक परिवहन सेवा की बात करें तो जयपुर में सरकार की अनुमति के बाद इसे शुरू कर दिया गया है। आने वाले त्योहारों को देखते हुए भी गाइडलाइन में सामाजिक, धार्मिक के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि अभी राजस्थान सरकार की ओर से अनलॉक-3 की गाइड लाइन जारी नहीं की गई है। सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी होने के बाद जिला प्रशासन अपने स्तर पर तैयारियां करेगा। गाइडलाइन के अनुसार योगा और जिम को पांच अगस्त के बाद खोलने की अनुमति दी गई है। यहां गाइडलाइन के अनुसार गतिविधियां चलेंगी। वहीं, सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, थियेटर और बार आदि को बंद रखा गया है।

क्या हैं कंटेंनमेंट जोन और बफर जोन
शहर में वर्तमान में जहां केस सामने आ रहे हैं, उस क्षेत्र में 50 मीटर की अवधि तक इलाके को बंद रखा जा रहा है। यहां किसी तरह की गतिविधि शुरू नहीं है। पहले यह कंटेंनमेंट जोन की परिधि एक किमी तक थी। बफर जोन की बात करें तो — कंटेंनमेंट जोन से लगते हुए आस-पास इलाके को बफर जोन में माना गया है। अभी तक सभी प्रतिबंध कंटेंनमेंट जोन में ही थे। अब आस-पास बफर जोन बनाकर बंद किया जाएगा।

अलवर में 2 सप्ताह के लिए लॉकडाउन: बैंक, बस और शराब ठेकों समेत सब बंद
जुलाई माह में प्रदेश में कोरोना के नये हॉट-स्पॉट के रूप में उभरे अलवर शहर में गुरुवार तड़के 4 बजे से अगले दो सप्ताह का लॉकडाउन लगा दिया गया हैं। यह लॉकडाउन शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में लगाया गया है। अलवर में अब तक 3614 मरीज सामने आ चुके हैं। यहां बुधवार को भी 99 संक्रमित लोग सामने आये थे। प्रशासन के अनुसार इस दो सप्ताह के लॉकडाउन को सफल बनाने के लिये 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। लॉकडाउन वाले इलाके में बेरिकेट्स लगाकर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। इस लॉकडाउन के दौरान सुबह 7 बजे से 11 बजे तक आवश्यक खाद्य साम्रगी की दुकानें खुलेंगी। ईद और रक्षाबंधन तक मिठाई तथा पतंगों की दुकान भी 4 घंटे ही खुल सकेंगी।