news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान

शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा- कभी-कभी लोग मजाक करते हैं। वह मुझे कहते हैं कि ये वसुंधरा राजे हमेशा भगवान के भरोसे रहती हैं। मैं तो कहती हूं, हाँ मैं भगवान भरोसे हूँ। हम पूरा घर सजाकर छोड़ते हैं। फीता काटने का काम कांग्रेस करती है।

यह वीडियो पिछले कुछ दिनों हैदराबाद में हुए प्रवासी सम्मेलन के दौरान का है। आज राजे ने ये वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। वसुंधरा करीब चार महीने पहले हैदराबाद में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में गई थीं, जब बैठक से अलग राजस्थानियों का एक प्रवासी सम्मेलन हुआ था, उसी सम्मेलन में वसुंधरा ने यह बात कही थी।

राजे ने कहा- कोई मुझसे पूछे कि आप ऐसा क्यों करते हैं, दूसरी सरकारें ऐसा नहीं करतीं। आप तो आराम से चलो। मैं लोगों से कहती हूं, देखिए, किसी भी सरकार को काम करने के लिए कम से कम 5-10 साल तो दो। पांच साल इतना कम समय होता है कि अगर आप दौड़-दौड़़ कर भी काम भी करें तो भी उसे पूरा नहीं कर सकते। हम पूरे घर को सजा कर छोड़ते हैं। फिर कांग्रेस आती है। उसका मजा उठाती है। हमने जो-जो भी काम किया है, उसका फीता काटने का काम कांग्रेस करती है।

वसुंधरा राजे ने कहा- अब तक जो भी काम हुआ है, वह सिर्फ भगवान के भरोसे से हुआ है। भगवान ने छप्पर खोलकर दिया है। आज राजस्थान के लोगों का प्यार है वो ही हमारी पूंजी है। इस पूंजी के लिए चाहे हमें कितनी भी मेहनत क्यों न करनी पड़े। चाहे खून क्यों न देना पड़े।

वसुंधरा ने कहा कि यही प्यार है भाइयों, जिसके ऊपर हम दौड़ते हैं। हम इस प्यार के लिए हम लोग मरते हैं। यह सबको नहीं मिलता। मैं गांव जाता हूं तो बड़े बुजुर्ग मेरे सिर पर हाथ रखते हैं। गाल पर हाथ फेरकर प्यार करते हैं। इससे बड़ी बात कुछ नहीं हो सकती। इसलिए जरूरी है कि हम कड़ी मेहनत करते रहें।