जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना इलाके में बुधवार रात का बड़ा हादसा हो गया। यहां भारतीय सेना की एक जिप्सी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद जिप्सी पलट गई और उसमें आग लग गई। इससे जिप्सी में सवार सेना के तीन जवानों की जलने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 5 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में एक सूबेदार और दो जवान शामिल हैं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसा श्रीगंगानगर जिले के छत्तरगढ़ के पास हुआ।

जवान बठिंडा की 47-AD यूनिट के
सेना के ये जवान बठिंडा की 47-AD यूनिट के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 3 जवान जिंदा जल चुके थे। ग्रामीणों की सूचना पर राजियासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पांच गंभीर घायल जवानों को सूरतगढ़ के ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया। उनके साथ ही 3 मृत जवानों के पार्थिव शवों को सूरतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। ये सभी जवान युद्धाभ्यास के लिए सूरतगढ़ आए हुए थे।

वसुंधरा राजे ने हादसे पर जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराज राजे ने दुख जताते हुए दिवंगत सैनिकों की आत्मा के लिए शांति और घायलों के लिए स्वास्थ्य की है। उन्होंने अपने ​ट्विटर लिखा, श्रीगंगानगर जिले में छत्तरगढ़ रोड पर सेना की जिप्सी दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण तीन जवानों की मृत्यु तथा पांच जवानों के घायल होने की सूचना है। मैं ईश्वर से हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों की आत्मा को शांति तथा घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।

ग्रामीणों ने आग बुझाई
हादसे का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ही सबसे पहले आग पर पानी डालकर बुझाया। लेकिन तब काफी देर हो चुकी थी, इस हादसे में 3 जवान जल चुके थे। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद जिप्सी में सवार तीन जवान घायल होकर बेहोश हो गये थे। वे जिप्सी में ही फंस गए थे। इससे वे उसमें जिंदा जल गये। मृतकों में एक सेना का सुबेदार बताया जा रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर राजियासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 5 गंभीर घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं, तीन मृत जवानों के पार्थिव शवों को सूरतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।