जयपुर। प्रदेश के नागौर जिले में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले के श्रीबालाजी कस्बे के पास एक ट्रक और क्रूजर में जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि इसमें 12 लोगों की मौत हो गई। 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों और मृतकों को संभाला। हादसा कैसे हुआ इसका अभी पता नहीं चल पाया है। सभी मृतक मध्यप्रदेश के साजनखेड़ा निवासी बताए जा रहे हैं।

ट्रेलर और क्रूजर गाड़ी की आमने—सामने हुई भीषण टक्कर
यह हादसा श्रीबालाजी थाने के पास गोलाई में हुआ है। जहां ट्रेलर और क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने की भीषण टक्कर होने से क्रूजर गाड़ी का आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में क्रूजर में सवार आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार जनों ने बीकानेर के नोखा अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर 6 घायलों को उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेजा गया, जहां एक जने की और मौत हो गई, वहीं अन्य का उपचार चल रहा है। आठ मृतकों के शव श्रीबालाजी अस्पताल की मोर्चरी एवं चार के नोखा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

रामदेवरा दर्शन के लिए आए थे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मध्यप्रदेश के साजनखेड़ा निवासी हैं। क्रूजर गाड़ी में सवार होकर रामदेवरा दर्शन करने गए थे तथा रामदेवरा में रामदेवजी के धोक लगाकर वापस साजनखेड़ा जा रहे थे। इसी बीच श्रीबालाजी में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों और मृतकों को संभाला। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दर्द से कहरा रहे घायल
घायलों के अस्पताल पहुंचने के साथ ही ट्रॉमा आउटडोर में लाया गया। नोखा में हुए प्राथमिक उपचार से आगे काम शुरू हुआ। सीटी स्केन करके पता किया जा रहा है कि अंदरूनी चोट कितनी है। दर्द से कहरा रहे घायल किसी से बात करने की हालत में नहीं है। घायलों के साथ एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जो इनके बारे में पूरी जानकारी दे सके।