जयपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छा मौका आया है। राजस्थान के सरकारी स्कूल्स में लाइब्रेरियन के पद भरने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली है। लाइब्रेरियन ग्रेड थर्ड के करीब 450 पदों से ज्यादा पर सीधी भर्ती के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को पत्र भेजा गया है। जल्दी ही भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। इससे पहले ग्रेड सेकेंड के 9 हजार 760 पदों पर भर्ती के लिए प्रपोजल भेजा जा चुका है।

वैकेंसी डिटेल
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने लाइब्रेरियन ग्रेड थर्ड के टीएसपी (ट्राइबल सब प्लान) और नॉन टीएसपी एरिया में सीधी भर्ती का प्रपोजल भेजा है। इसमें टीएसपी के साठ से ज्यादा पदों पर भर्ती होगी, जबकि नॉन टीएसपी के करीब चार सौ पदों पर भर्ती हो रही है। इन पदों पर भी नियमों के तहत आरक्षण होगा। ऐसे में सामान्य के लिए करीब 200 पद रहेंगे। शेष पदों पर आरक्षण रहेगा। सभी जिलों में लाइब्रेरियन तैनात किए जाएंगे।

अगस्त-सितंबर तक होगी भर्ती
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि अगस्त-सितंबर तक ये भर्ती पूरी हो सकेगी। शिक्षा विभाग का फोकस इन दिनों महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल है, ऐसे में इन स्कूल्स को प्राथमिकता से पद मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि नया सत्र आने तक लाइब्रेरियन की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

इन पदों पर भी की जाएगी भर्ती
शिक्षा विभाग लाइब्रेरियन और ग्रेड सेकेंड के अलावा फिजिकल टीचर्स के ग्रेड थर्ड और ग्रेड सेकंड के पदों पर भी भर्ती होगी। पीटीआई ग्रेड सेकंड के 460 और ग्रेड थर्ड के 420 पदों पर भर्ती के लिए तैयारी की जा रही है।

ग्रेड सेकंड के लिए 9,760 पदों भर्ती
शिक्षा विभाग ने पिछले सप्ताह ही ग्रेड सेकेंड के नौ हजार 760 पदों पर भर्ती के लिए प्रपोजल राजस्थान लोक सेवा आयोग को भेजा था। इसके बाद भी इन पदों पर भर्ती का विज्ञापन अब तक जारी नहीं हुआ है। इसी सप्ताह ये विज्ञापन जारी होने की उम्मीद की जा रही है।