जयपुर। राजस्थान राज्यसभा की 3 सीटों के लिए चुनावी रण में जुटी बीजेपी-कांग्रेस ने अपने 2-2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। आज सुबह सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। यह शाम 4 बजे तक चलेगा। उसके तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। सबसे पहले भाजपा व उसके सहयोगी बस से विधानसभा पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के विधायक बसों से विधानसभा पहुंचना शुरू हुए। कांग्रेस की ओर से सबसे पहला वोट मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित 90 विधायक वोट डाल चुके हैं। इससे पहले कांग्रेस विधायक बसों के जरिए होटल से सीधे विधानसभा पहुंचे। 10.45 मिनट तक पांच बसें कांग्रेस विधायकों को लेकर विधानसभा पहुंच गई थीं। एक बस आनी शेष है। मुख्यमंत्री अशोक विधायकों के साथ ही विधानसभा पहुंचे। विधानसभा पहुंचने पर सभी की स्क्रीनिंग की गई।

विधानसभा छावनी में तब्दील
राज्यसभा चुनाव में मतदान के चलते विधानसभा के आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गहन जांच-पड़ताल के बाद ही वाहनों को यहां से गुजरने दिया जा रहा है। इधर सूत्रों की मानें तो भाजपा ने एक सीट पर अपनी हार मान ली है। इसका अंदाजा उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उन्होंने विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा की हमने दूसरा प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस के विधायकों को एक एकजुट किया और हमारे इस कदम से कांग्रेस के विधायकों की भी सरकार ने खूब मनुहार की।

कांग्रेस की दो और भाजपा की एक सीट पर जीत तय
शाम 5 बजे से मतों की गिनती होगी। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस की दो और भाजपा की एक सीट पर जीत लगभग तय है। हालांकि, दोनों ही दलों ने दो-दो प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। कांग्रेस ने पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने राजेन्द्र गहलोत और और ओंकार सिंह लखावत पर दांव खेला है। भाजपा की दलगत स्थितियों को देखते हुए केवल राजेंद्र गहलोत की ही जीत हो पाएगी। सबसे अधिक दिलचस्प यह है कि विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी वोट देंगे या नहीं

ये उम्मीदवार है मैदार में
कांग्रेस के पहले उम्मीदवार केसी वेणुगोपाल दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। अभी पार्टी महासचिप के पद पर कार्यरत। नागरिक उड्‌डयन राज्यमंत्री रह चुके हैं। दूसरे नीरज डांगी राज्य विधानसभा का तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं। डांगी अभी कांग्रेस महासचिप के पद पर कार्यरत हैं। भाजपा के पहले उम्मीदवार राजेंद्र गहलोत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह नगर जोधपुर से आते हैं। राजस्थान में मंत्री रह चुके हैं। इनका प्रत्याशी के तौर पर चयन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने किया है। दूसरे ओंकार सिंह लाखावत राज्ससभा के पूर्व सदस्य। इनके नाम की घोषणा राज्यसभा चुनाव के नामांकन की तारीख से एक दिन पहले की गई।