जयपुर। राजस्थान पुलिस में 5000 कांस्टेबल पदों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही यह भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। सरकार ने इन पदों पर भर्ती के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। गृह विभाग की ओर से बुधवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। गृह विभाग ने वित्त विभाग की मंजूरी के लिए पूर्व में करीब 8 हजार पदों का प्रस्ताव भेजा था। अब पुलिस मुख्यालय विभिन्न जिलों में कांस्टेबल के खाली पड़े पदों के हिसाब से भर्ती कर सकेगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से पूरी होगी प्रक्रिया
पिछले दिनों मुख्यमंत्री अशाेक गहलाेत ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 8600 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। हालांकि अभी स्वीकृति 5 हजार पदाें काे ही दी गई है। माना जा रहा है कि शेष 3600 पदों पर बाद में भर्ती की जाएगी। इसके लिए वित्त विभाग से अलग से मंजूरी लेनी होगी। इन भर्तियों पर मंजूरी के लिए फरवरी और जून में प्रस्ताव भेजा गया था। गृह विभाग के आदेशों के बाद अब पुलिस मुख्यालय की ओर से जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाने वाली है।

राज्य स्तर पर होगी भर्ती
पुलिस भर्ती जिलेवार प्रक्रिया से अलग इस बार पुलिस भर्ती राज्य स्तर पर होगी। भर्ती बोर्ड यह भर्ती राज्य स्तर पर होगी लेकिन पदों का आवंटन जिलेवार होगा।

सब इंस्पेक्टर के 706 पदों की भर्ती प्रक्रिया का इंतजार
कांस्टेबल भर्ती के साथ सरकार ने पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के 706 पदों पर भी भर्ती की घोषणा की थी। अभ्यर्थियों को इस भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने का भी इंतजार है। विभाग इस भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी सरकार से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहा है।