vasundhara-raje-higonia-gau-punarvas-kendra
vasundhara-raje-higonia-gau-punarvas-kendra

राजस्थान सरकार हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र को विकसित करने जा रही है। इसके लिए सरकार ने विशेष अनुदान की घोषणा भी कर दी है। प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र को राज्य सरकार देश में गौ सेवा के एक आदर्श केन्द्र के रूप में विकसित करेगी। सीएम राजे ने इसके लिए गोपाष्टमी के अवसर पर जयपुर नगर निगम को दस करोड़ रूपए का विशेष अनुदान देने की घोषणा की है। उन्होंने इस अवसर पर हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र में गौवंश की पूजा की तथा गायों को गुड़ एवं चारा खिलाकर लोगों को गौसेवा करने का संदेश दिया।

vasundhara-raje-higonia-gau-punarvas-kendra
                                  राजस्थान सरकार हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र को दस करोड़ का विशेष अनुदान देगी। 

नगर निगम और श्रीकृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के बीच 19 वर्ष के लिए एमओयू: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र के प्रबंधन के लिए जयपुर नगर निगम तथा श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के बीच 19 वर्ष के लिए एमओयू हुआ। नगर निगम आयुक्त रवि जैन तथा श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के आर. गोविन्ददास प्रभुजी ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। सीएम राजे ने इस अवसर पर गौ पुनर्वास केन्द्र में सहयोग करने वाले गौ सेवकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने नवीनीकृत ऑपरेशन थिएटर का शुभारंभ किया तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त आईसीयू का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र की 7 विकास परियोजनाओं की शुरूआत भी की।

मोबाइल एप किया लॉन्च: इस मौके पर सीएम राजे ने हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र पर आधारित ‘श्रीकृष्ण बलराम गौशाला‘ मोबाइल एप लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि इस एप के जरिए गौ सेवकों को गौ सेवा से जुड़ने और अपडेट रहने का माध्यम मिलेगा। इस एप में गौवंश तथा उनके संरक्षण से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई हैं।

vasundhara-raje-higonia-gau-punarvas-kendra-CMA
                                       सीएम राजे ने आगे कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

गौ सेवा सबकी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गौपूजन एवं अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम में ने कहा कि गौ सेवा हमारी धार्मिक भावना और आस्था से जुड़ा ऐसा विषय है जो मात्र सरकार ही नहीं, हम सबकी जिम्मेदारी है। सीएम राजे ने आगे कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है। इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि हिंगोनिया में हमें गौवंश के संरक्षण में अधिक सफलता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए हरे कृष्णा मूवमेंट को बधाई भी दी।

पॉलीथिन और गौसेवा एक साथ नहीं हो सकती: मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि पॉलीथिन के उपयोग के कारण गौवंश पर पड़ रहे दुष्प्रभावों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि गौसेवा और पॉलीथिन एक साथ नहीं चल सकती। इसीलिए हमारी सरकार ने पॉलीथिन को प्रतिबंधित किया है। सीएम ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि, स्वयं पॉलीथिन का उपयोग बंद करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यही आपकी सच्ची गौसेवा होगी। उन्होंने नगरीय विकास मंत्री, कृषि मंत्री तथा जयपुर महापौर को निर्देश देते हुए कहा कि वे शहरी क्षेत्र में हर सप्ताह पॉलीथिन की रोकथाम के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करें।​ जिससे पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लग सके।

गौ संवर्धन से प्रतिदिन दूध का उत्पादन: श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के आर. गोविन्ददास प्रभुजी ने कहा कि पिछले एक साल में हिंगोनिया में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए गए प्रयासों के सुखद परिणाम सामने आए हैं। हिंगोनिया गौशाला की गायों से प्रतिदिन दूध का उत्पादन 150 लीटर से बढ़कर 2400 लीटर प्रतिदिन तक हो गया है। साथ ही यहां गौवंश की मृत्यु दर को रोकने में भी उल्लेखनीय सफलता मिली है।

Read More: राजस्थान में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग कर सकेंगे स्टूडेंट्स

ये भी रहे कार्यक्रम में उपस्थित: इस कार्यक्रम के अवसर पर उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी, एसटी आयोग उपाध्यक्ष जितेन्द्र मीणा, जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, विधायक मोहनलाल गुप्ता, लक्ष्मीनारायण बैरवा, जगदीश मीणा, जयपुर शहर महापौर अशोक लाहोटी, जिला प्रमुख मूलचंद मीणा, स्थानीय स्वशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव डॉ. मंजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त रवि जैन सहित बड़ी संख्या में नेता, अधिकारी तथा आम लोग उपस्थित थे।