जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सियासी वॉक इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। वह लगातार देव दर्शन अभियान के तहत प्रदेश के फेमस मंदिरों में पहुंच रहीं हैं। पूर्व सीएम लगातार एक्टिव नजर आ रहीं हैं। उनकी बढ़ती सक्रियता ने विरोधियों की बेचैनी बढ़ा दी है। पिछले हफ्ते बीकानेर में देव दर्शन यात्रा के बाद राजे लगातार प्रदेश के मंदिरों में पहुंच रही हैं और लोगों से मुलाकात कर रही है। गहलोत सरकार के 4 साल बीतने के बाद राजे अपनी सियासी जमीन टटोलने और ताकत का प्रदर्शन करने निकल चुकी है। राजे की रैलियों में हजारों की संख्या में भीड़ जुट रही है जहां राजे कार्यकर्ताओं से कमर कसने का आह्वान कर रही हैं। राजे के बीते दिनों के तेवर देखकर कहा जा सकता है कि वह 2023 की लड़ाई के लिए फिर से तैयार है।

राजे ने सेंट्रल पार्क में की जॉगिंग, लोगों से पूछे हाल-चाल
बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे चुनाव मोड पर आ गई हैं। रविवार सुबह राजे अचानक जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक करने पहुंच गई। यहां उन्होंने वॉक के फायदों पर लोगों से बात भी की। उन्होंने 4 किमी का ट्रैक करीब 38 मिनट में तय किया। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा​ कि एक्सरसाइज सबके लिए है। लोग कहते हैं कि हेल्थ से इम्पॉर्टेंट और कुछ चीज नहीं है। क्योंकि आपका काम, माइंड, बॉडी इन सब चीजों को ठीक से बनाकर रखोगे तो आप आगे भी चल सकोगे। इसलिए वेरी इम्पॉर्टेंट- कुछ तो एक्सरसाइज अपने को दिन में मिले। नहीं तो आजकल टेबल पर बैठने का काम सबका है। मेरा तो सबको यह सुझाव है कि खुद स्वस्थ हैं तो राजस्थान स्वस्थ है।

गहलोत सरकार अब 350 दिनों की मेहमान
पूर्व CM और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने शनिवार को शाकम्भरी मंदिर सीकर में पूजा-दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि तैयार हो जाओ, अब पसीना बहाने का वक्त आ गया है। आचार संहिता निकाल दो तो यह राज्य सरकार अब 350 दिनों की है। इसे राजस्थान की सियासत में वसुंधरा राजे का बड़ा मैसेज माना जा रहा है।

राजे का नौ दुर्गा मंदिरों में दर्शन का संकल्प
राजे ने सीकर में बताया कि बीजेपी का सुराज लाने के लिए उन्होंने नौ दुर्गा मंदिरों में दर्शन करने और पूजा अर्चना करने का संकल्प लिया था जो मां शाकंभरी के दर्शन करने के साथ ही पूरा हुआ है। इससे पहले राजे आठ देवियों के दर्शन कर पूजा अर्चना कर चुकी हैं। इसके अलावा राजे के लिए प्रसिद्ध शक्ति पीठ शाकंभरी में 51 पंडितों ने विशेष देवी पूजन करवाया।

51 पंडितों ने फूल बरसाकर और चुनरी ओढ़ाकर दिया आशीर्वाद
पूजा अर्चना के बाद पंडितों ने मन्नत पूरी होने का आशीर्वाद फूल बरसाकर दिया। मन्नत पूरी होने के आशीर्वाद के दौरान पंडितों ने वसुंधरा राजे पर फूल बरसाए। मंदिर में वसुंधरा राजे पर 51 पंडितों ने फूल बरसाकर और चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। वसुंधरा राजे के देव दर्शन अभियान का पहला फेज पूरा हो गया है।

पिंक पावर रन में चीफ गेस्ट रहीं वसुंधरा राजे, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
इससे पहले राजे ‘ब्रेस्ट कैंसर’ अवेयरनेस के लेकर निम्स ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन सेंटर की तरफ से आयोजित पिंक पॉवर रन में चीफ गेस्ट रूप में पहुंचीं। वसुंधरा राजे ने कहा- स्वस्थ रहने के लिए ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों को सही समय पर पकड़ना जरूरी है। यह दौड़ एक नेक काम है, इसका संदेश पूरे राजस्थान में जाएगा और महिलाओं को जागरूक करेगा। रन में करीब 3000 महिलाएं और पुरूष दौड़ में शामिल हुए। इस दौरान “लॉन्गेस्ट मास वॉक बाय वीमन फॉर अ कॉज” का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया गया।