सीकर के भाजपा सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने एक ऐसी बात कह दी हैं जिससे उनकी तारीफ न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बल्कि, पूरी प्रदेश कांग्रेस को करनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस को इससे सीख भी लेनी चाहिए।
Sikar MP Sumedhanand Saraswati

दरअसल, सीकर जिला मुख्यालय पर भाजपा की ओर से कर्जमाफी, बेरोजगारी भत्ता, सवर्णों को 10प्रतिशत आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। और इसके बाद अपर जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। उसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद सुमेधानंद ने कहा कि गहलोत सरकार पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं को बंद करने सहित नाम बदलने का काम कर रही है। प्रदेश के लाखों लोगों को राहत देने वाली भामाशाह योजना को भी गहलोत सरकार ने बंद करने की तैयारी कर ली है। अशोक गहलोत भामाशाह योजना को बंद न करें, चाहे तो वो उस पर वसुंधरा राजे का फोटो हटवाकर स्वयं की फोटो लगवा लें।

भामाशाह योजना को बंद करने का आरोप लगाते हुए सुमेधानंद ने कहा कि कांग्रेसी तो इतना गिर गए हैं, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। अटल सेवा केंद्र का नाम भी गहलोत सरकार बदलने की जुगत में जुटी है। उन्होंने कहा कि अगर वसुंधरा राजे ने कहीं पत्थर लगाए तो उनको तोड़ेंगे थोड़े ही। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विष्णु चेतानी, पूर्व विधायक रतन जलधारी सहित कई नेता मौजूद रहे।