जयपुर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने पहले साल की सालगिरह के मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ये कोई जश्न का वक्त नहीं होता है। ये अपनी परफॉर्मेंस को जनता तक पहुंचाने का वक्त होता है। एक अवसर मिलता है जब आप अपनी बात कह सकते हैं कि मेनिफेस्टो में जो वादे किए थे, वो वादे हमने पूरे किए। साथ ही ये वादे पूरे करना बाकि है। जिसके लिए हमारा प्रयास जारी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताने के बजाए करीब 2 घंटे में से 1 घंटे तक पीएम मोदी और मीडिया पर बोलते हुए नजर आए।

हमारी खबर दिखाओ तो ही ऐड मिलेंगे
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हम उन्हीं चैनलों को पैसे देंगे जो हमें हमारी खबर को दिखाएंगे। ऐसा नहीं हो सकता कि हमारे मंत्री आपकी खबर के लिए फोन करते रहें कि हमारी खबर दिखा दो और हम आपको पैसे भी दें। विचारधारा से प्रेरित होकर आप कुछ लोगों की खबर दिखाते हैं। अशोक गहलोत ने मीडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि एजेंडा के तहत खबर दिखाने वाले चैनलों को मैं ऐड के लिए पैसे नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि आप खबर दिखाओ, मेरी आलोचना करो, चाहे जितनी करो, मगर खबर को तोड़ मरोड़ कर और एजेंडा के तहत खबर दिखाओगे तो सरकार पैसे नहीं देगी।

केंद्र सरकार पर लगाया आरोप
अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने मीडिया पर दबाव बना रखा है, पत्रकार खबर बनाना चाहते हैं लेकिन ऊपर बैठे लोग खबर नहीं बनाने देते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर यहां तक आरोप लगा दिया कि केंद्र सरकार ने पिछले 1 साल के मेरे सभी भाषाओं और मीडिया में दिए इंटरव्यू की टेप दिल्ली मंगवाई है, जहां पर उसे सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं डरता नहीं हूं, जो भी इनके खिलाफ आवाज उठा रहा है उसकी आवाज यह बंद करना चाहते हैं।

जामिया यूनिवर्सिटी में हुए लाठीजार्च की निंदा की
अशोक गहलोत ने जामिया यूनिवर्सिटी में हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि यह लोग आर्थिक स्थिति से लोगों का ध्यान हटाने के लिए देश को अराजकता की तरफ धकेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं जामिया विश्वविद्यालय में लाठीचार्ज की निंदा करता हूं, सरकार को चाहिए कि हालात को जल्द से जल्द सुधारें।