news of rajasthan
Rajasthan by-election: CM Vasundhara Raje election tour in Pushkar of Ajmer.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इन दिनों अपने तूफानी चुनावी दौरों पर है। प्रदेश में 29 जनवरी को अजमेर व अलवर लोकसभा सीट और भीलवाड़ा जिले की मांडलगढ़ सीट पर होने  जा रहे उपचुनाव के लिए वे पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनावी दौरें कर रही हैं। बुधवार सुबह सीएम राजे अजमेर संसदीय क्षेत्र के पुष्कर पहुंची। राजे ने पुष्कर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसने काम किया है, उसकी पीठ पर हमेशा जनता का हाथ रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों से लोगों का पूरी तरह से इस्तेमाल किया है। उन्होंन कहा कि कांग्रेस ने मीठी और झूठी बातें कर लोगों को अपने जाल में फंसाने का काम किया है। कांग्रेस फंसाते—फंसाते ऐसी स्थिति में आ गई है कि अब कोई विश्वास ही नहीं करता है।

news of rajasthan
File-Image: पुष्कर के विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

अगले एक वर्ष में विकास कार्यों से पुष्कर का होगा कायाकल्प

मुख्यमंत्री राजे ने विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 1 वर्ष में पुष्कर का कायाकल्प हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को आगे लाने का काम किया है। राजे ने कहा कि बीजेपी सरकार ने राज्य और केंद्र में दो बड़े पदों पर पिछड़े वर्ग के लोगों को प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। सीएम राजे का इशारा देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राजस्थान विधानसभा के स्पीकर कैलाश मेघवाल की ओर था। मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय सांवरलाल जाट को याद करते हुए कहा कि सांवरलाल जी ने जनता की भरपूर सेवा की है। उन्होंने कभी भी किसी को खाली हाथ नहीं लोटने दिया। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके पुत्र रामस्वरूप लांबा को अजमेर के विकास को गति देने के लिए मौका ​देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टी के लोग जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पार्टी प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा को भारी मतों से जिताकर जवाब दिया जाना चाहिए।

सीएम ने ब्रह्मा मंदिर में की पूजा-अर्चना, केन्द्रीय मंत्री भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बुधवार सुबह मांडलगढ़ से पार्टी प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा के समर्थन में प्रचार के लिए अजमेर पहुंची थी। उन्होंने आज सुबह पुष्कर पहुंचकर सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना की। राजे ने यहां संतों से भी आर्शीवाद लिया। इस दौरान उनके साथ केन्द्रीय मंत्री पीपी चौधरी भी मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री राजे को तलवार और पेंटिग भेंट करते हुए सम्मानित किया। राजे इसी बीच पुष्कर सरोवर पहुंची। वे ग्वालियर घाट पर भी पहुंची जहां उन्होंने पूजा-अर्चना भी की। बता दें, यहां सिंधिया राजघराने का पुश्तैनी मंदिर है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन पर फूल बरसाते हुए स्वागत किया।

Read More: कांग्रेस ने 60 साल तक जनता को ठगने का काम किया: सीएम राजे

सचिन पायलट ने किशनगढ़ तो सांसद दुष्यंत सिंह ने अलवर में किया चुनाव प्रचार

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने बुधवार को अजमेर के किशनगढ़ में चुनावी सभा की। झालावाड़—बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने भी आज अलवर निर्वाचन क्षेत्र के दौर पर रहे। इस दौरान सांसद दुष्यंत सिंह ने अलवर जिले में कई जगह चुनावी दौरे किए। उन्होंने अलवर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. जसवंत सिंह यादव के लिए वोट मांगे।