news of rajasthan
Rajasthan by-election: CM Raje made a road show in Alwar.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरूवार को अलवर क्षेत्र में चुनावी दौरे पर रही। सीएम राजे भाजपा प्रत्याशी डॉ. जसवंत सिंह यादव के प्रचार में आज अलवर पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने अलवर शहर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों द्वारा उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। भाजपा की स्टार प्रचारक लिस्ट में शामिल राजे के रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। उन्होंने इस दौरान लोगों से भाजपा प्रत्याशी जसवंत यादव के समर्थन में भारी संख्या में वोट करने की अपील की।

news of rajasthan
File-Image: राजस्थान उपचुनाव: सीएम राजे ने अलवर में किया रोड शो.

लोगों की भीड़ ने लगाए बीजेपी, मोदी और वसुंधरा राजे के नारे

अलवर शहर में रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। लोगों में मुख्यमंत्री को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे थे। करीब 4 किलोमीटर के रोड शो के दौरान पूरे समय भीड़ ने बीजेपी, मोदी और वसुंधरा राजे के नारे लगाए। साथ ही लोगों द्वारा मुख्यमंत्री राजे का जगह—जगह फूलमालाओं और फूलों की बारिश से स्वागत किया गया। रोड शो के बाद राजे ने एक बड़ी चुनावी सभा को यहां संबोधित करते हुए बीजेपी को वोट करने का वादा करवाया। उन्होंने कहा कि अलवर में हरसंभव विकास के कार्य करवाएं जा रहे हैं और आगे भी विकास की रफ्तार और तेज होने वाली है। इस बात के आप लोग मुझ पर भरोसा करे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, बीजेपी प्रत्याशी जसवंत यादव, टोंक-सवाई माधोपुर सांसद सुखवीर सिंह जौनापुरिया, झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह सहित पार्टी के कई बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

बहरोड़ में बोली राजे, कांग्रेस सरकार में आॅपरेशन तक नहीं हुए

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अलवर शहर में चुनावी प्रचार के बाद अलवर जिले के विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ पहुंची। सीएम राजे यहां हेलीकॉप्टर से पहुंची थी। उन्होंने बहरोड़ में विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर ताबड़तोड चुनावी हमले किए। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों में ऐसा कुछ भी नहीं किया जो जनता के बीच जाकर बता सके। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर ​निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में आॅपरेशन तक नहीं हुए। राजे ने आगे कहा कि हमारे हर अच्छे काम को जनता याद करेगी। उन्होंने कहा कि अलवर में भाजपा सांसद होगा तो तेजी से विकास हो पाएगा। यहां कई फैक्ट्रियां, कारखाने, कई कंपनियों के प्लांट लगाए जाएंगे जिससे क्षेत्र के लोगों का बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा।

Read More: मुख्यमंत्री राजे ने अजमेर में कहा, एक महिला सौ-सौ कार्यकर्ताओं के बराबर

29 जनवरी को घर से निकलकर सभी से मतदान की अपील की

मुख्यमंत्री राजे ने बहरोड़ में अपनी सभा के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि 29 जनवरी को घर से बाहर निकलकर सभी को वोट देने जाना हैं। जिससे ​​अलवर को भाजपा सांसद के रूप में एक विकास पुरूष मिल सके। सीएम राजे ने कहा कि तीनों जगह बीजेपी की झोली में सीटें आएंगी। इस सभा के दौरान प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, सांसद दुष्यंत सिंह सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।