जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से राहुल गांधी का इस्तीफा देने के बाद इस पद के लिए कई नेताओं के नाम सामने आए हैं। इसी बीच विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा ने कहा है कि प्रियंका गांधी को राजस्थान से राज्यसभा सांसद बनाया जाना चाहिए। यही नहीं उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी राय है कि राहुल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में जो परिस्थितियां आई है। इससे आम कार्यकर्ता परेशान है। उसके लिए प्रियंका गांधी को लाकर राज्यसभा का मेंबर बनना चाहिए। बैरवा ने आगे कहा कि मनमोहन सिंह नेक इंसान है, लेकिन आज की परिस्थिति ध्यान रखते हुए प्रियंका का कद बढ़ाया जाना चाहिए।

उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय
राजस्थान में राज्यसभा उपचुनाव भाजपा नेता मदन लाल सैनी के आकस्मिक निधन के कारण रिक्त हुई सीट पर होना है जिसकी अधिसूचना जारी हो चुकी है। उपचुनाव में यह सीट कांग्रेस की झोली में आना तय है क्योंकि 200 सदस्यों वाले सदन में वर्तमान में 198 सदस्य हैं कांग्रेस के पास 100 सदस्य है तथा एक लोक दल, 11 निर्दलीय सदस्यों के समर्थन के साथ बसपा के 6 सदस्यों का समर्थन भी है, इस तरह उपचुनाव में यह सीट कांग्रेस की तय है।

सचिन पायलट के खास हैं बैरवा
आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के खास माने जाने वाले बैरवा ने पिछले दिनों अशोक गहलोत को हटाकर पायलट को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी मांग की थी। उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार के लिए गहलोत को जिम्मेदार बताया था। कांग्रेस के दिग्गज नेता कर्ण सिंह सहित कई नेता प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की वकालात कर चुके हैं।

राज्यसभा उपचुनाव की तारीख हुई तय
राजस्थान में राज्यसभा उप चुनाव की तारीख भी तय हो गई है। हाल ही में खाली हुई प्रदेश की राज्यसभा सीट पर उप चुनाव की तारीख का एलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। चुनाव आयोग ने उप चुनाव की तिथि 26 अगस्त रखी है।