जयपुर। देशभर में कोरोना वायरस बेकाबू होता नजर आ रहा है। राजस्थान में कोरोना के नए मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए सरकार अब पाबंदियों को बढ़ाने पर विचार कर रही है। एक्सपर्ट ने भी ​दिल्ली की तर्ज पर पाबंदियां लगाने का सुझाव दिया है। आज होने वाली कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की मीटिंग में नई पाबंदियों पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए जयपुर, जोधपुर सहित ज्यादा संक्रमण वाले जिलों में दिल्ली की तर्ज पर वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है।

वीकेंड कर्फ्यू और धार्मिक होंगे बंद
माना जा रहा है कि प्रदेश में वीकेंड कर्फ्यू के अलावा धार्मिक स्थलों को भी श्रद्धालुओं के लिए बंद किया जा सकता है। बड़े मंदिर अपने स्तर पर भी बंद करने का फैसला ले रहे हैं। खाटूश्यामजी मंदिर प्रबंधन ने इसकी शुरुआत कर दी है। बच्चों में संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्कूलों में ऑफलाइन क्लास बंद करने का फैसला सभी जिलों में लागू किया जा सकता है।

बढ़ सकती है ये पाबंदियां
नई गाइडलाइन में बाजार बंद करने का समय रात 9 बजे किया जा सकता है। साथ ही नाइट कर्फ्यू का समय भी रात 11 बजे की जगह रात 10 बजे से किया जा सकता है। टूरिस्ट प्लेस पर भीड़ पर रोक लगाने पर भी चर्चा हो रही है। इसके अलावा सिटी बसों में यात्री क्षमता आधी करने के प्रावधान पर भी विचार ​किया जा रहा है। जयपुर-जोधपुर सहित ज्यादा संक्रमण वाले जिलों में सरकारी दफ्तरों में आधे कर्मचारियों को ही बुलाने का प्रावधान किया जा सकता है। धीरे-धीरे पाबंदियों का दायरा और बढ़ना तय माना जा रहा है।

प्रदेश में कोरोना वायरस के 1137 मामले
राजस्थान में आज कोरोना वायरस के 1137 मामले सामने आए। सबसे ज्यादा 745 मामले राजधानी जयपुर में और 185 केस जोधपुर में मिले हैं। पूरे प्रदेश में मरीजों की बढ़ती संख्या ने शासन, प्रशासन की नींद उड़ा दी है। प्रदेश में वीकेंड कर्फ्यू की भी चर्चा गर्म हो रही है। प्रदेश में बढ़ते मामलों से आम जन में चिंता और व्यापरियों में भय व्याप्त हो रहा है।