जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी हीराबेन मोदी का शुक्रवार सुबह 3.30 बजे निधन हो गया। हीराबेन ने 100 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में इलाज चल रहा था। पीएम मोदी की मां हीरा बा पंचतत्व में विलीन हो गईं। पीएम मोदी ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। गुजरात के गांधीनगर में एक श्मशान घाट में साधारण तरीके से उनका अंतिम संस्कार किया गया।

नम आंखों के साथ कंधा
हीरा बा के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को पीएम मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के घर पर लाया गया। हीरा बा पंकज मोदी के साथ ही रहती थीं। पीएम मोदी ने यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पीएम मोदी ने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। हीरा बा का अंतिम संस्कार गांधीनगर के श्मशान घाट में किया गया।

मुख्यमंत्री गहलोत, वसुंधरा राजे सहित तमाम नेताओं ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रदेश के सीएम अशोक गहलोत, बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कैलाश चौधरी ने ट्वीट कर पीएम मोदी की मां के निधन पर दुख जताया है। साथ ही शोक प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

दु:ख की इस घड़ी में हम सब आपके साथ : राजे
बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूज्य माताजी हीराबेन का निधन अत्यंत दु:खद है। एक संतान के लिए इससे बड़ा आघात दूसरा नहीं हो सकता। दु:ख की इस घड़ी में मोदीजी हम सब आपके साथ हैं। परम पिता परमेश्वर दिवंगत की पुण्य आत्मा को परम शांति और प्रधानमंत्री सहित सभी शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रधान करें। ऊँ शांति: शांति: शांति:।

पीएम मोदी का भावुक मैसेज
मां के निधन की जानकारी खुद पीएम मोदी ने ट्विटर पर एक बेहद भावुक मैसेज लिखते हुए दी। पीएम मोदी ने कहा, शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

18 जून 2022 को हुई थीं 100 साल की
हीराबेन इसी साल 18 जून 2022 में 100 साल की हुई थीं। पीएम की मां हीरा बा को मंगलवार को अचानक से सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। इसके अलावा उन्हें कफ की शिकायत भी थी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल के कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती करा दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी मां का एमआरआई और सीटी स्कैन किया। हालांकि उनकी तबियत में सुधार भी हो गया था।