
राजस्थान का अजमेर जिला 28 फरवरी (शनिवार) को एक ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बनने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली (Kayad Vishram Sthali) से न केवल प्रदेश को 23500 करोड़ रुपये की सौगात देंगे, बल्कि हजारों युवाओं के हाथ में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र (Govt Job Appointment Letter) भी सौंपेंगे. इस मेगा शो को लेकर सुरक्षा एजेंसियां इतनी सतर्क हैं कि किशनगढ़ से अजमेर तक परिंदा भी पर नहीं मार सकता.
किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ‘बॉइंग 707’ की लैंडिंग, SPG का सख्त पहरा
पीएम मोदी का सफर किशनगढ़ एयरपोर्ट से शुरू होगा, जहां उनका विशेष विमान बॉइंग 707 लैंड करेगा. सुरक्षा की कमान स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने संभाल ली है. एयरपोर्ट के हर एंट्री पॉइंट पर कड़ी निगरानी है और बिना अधिकृत पास के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है. अगर आप शनिवार को एयरपोर्ट रोड या आसपास की यात्रा करने वाले हैं, तो भारी सुरक्षा जांच के लिए तैयार रहें.
सेना के हेलीकॉप्टर से होगा ‘हवाई सफर’, कायड़ में 2 लाख का मजमा
किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के बजाय सीधे सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली पहुंचेंगे. सभा स्थल पर करीब 5000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. भीड़ को संभालने के लिए कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग सेक्टर्स में बांटा गया है. इस दौरान HPV वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत होगी और राजस्थान के युवाओं को बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे.





