जयपुर। राजस्थान में इन दिनों करौली हिंसा का मामला छाया हुआ है। करौली के दंगा पीड़ितों से मिलने के लिए निकाली गई भाजपा की न्याय यात्रा करौली पहुंचने से पहले ही रोक दी गई। इसके बाद दौसा-करौली बॉर्डर पर जमकर बवाल हो गया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया व सांसद मनोज राजौरिया को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे सूर्या को करौली बॉर्डर पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया।

दर्जनों गाड़ियों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को गंगापुर सिटी रोड पर जाने से रोकने के लिए दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में भी नाकाबंदी की गई। काफिला जयपुर-आगरा हाईवे से सीधे महुआ के लिए रवाना हो गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दौसा, भरतपुर और करौली जिले के एसपी सहित 700 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

या तो जेल जाएंगे या फिर करौली : सूर्या
दौसा-करौैली बॉर्डर पर रोके गए तेजस्वी सूर्या ने कहा- करौली में पूरी तरह हिंसक हालात बने हुए हैं, हिंदू समाज के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने प्रण लिया है या तो करौली जाएंगे या जेल जाएंगे। इसके साथ ही वे निर्दोष को मामले में नहीं फंसाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ितों को मुआवजे देने की मांग कर रहे हैं। सड़क पर धरने पर बैठने के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों द्वारा समझाइश दी गई।

हिंदुओं में विश्वास दिलाने के लिए न्याय यात्रा
इससे पहले तेजस्वी सूर्या ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। संवैधानिक तरीके से कानून व्यवस्था मेंटेन करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसमें गहलोत सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। गैर कानूनी तरीके से तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है। इसके खिलाफ और हिन्दू समाज को करौली में विश्वास दिलाने के लिए पूरे प्रदेश से भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता करौली जा रहे हैं।

बीजेपी की न्याय यात्रा को खाचरियावास ने बताया दंगा यात्रा
करौली हिंसा मामले को लेकर प्रदेश भाजपा की ओर से आज करौली में निकाली जा रही न्याय यात्रा को लेकर कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास निशाना साधा है। खाचरियावास ने भाजपा की न्याय यात्रा को दंगा यात्रा करार दिया है। खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी के लोग फिर से प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द और माहौल बिगाड़ रहे हैं।