जयपुर। राजधानी जयपुर, जोधपुर और कोटा के 6 नगर निगम के लिये हो रहे चुनाव बीजेपी और कांग्रेस के साथ ही अन्य दलों ने भी कमर कस ली है। इन चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अलावा आम आदमी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी भाग्य आजमायेगी। आप और बसपा भी सभी 6 निगमों में अपने प्रत्याशी खड़े करगी। ये पार्टियां चुनावी रण की तैयारियों में जुट गई हैं। इन पार्टियों ने भी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

भाजपा आज जारी कर सकती है प्रत्याशियों की पहली सूची
भाजपा आज अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार जिताऊ प्रत्याशी चयन को लेकर जयपुर, जोधपुर और कोटा में लगी वरिष्ठ नेताओं की फ़ौज ने कई वार्डों में सिंगल नाम चुन लिए हैं। ऐसे वार्डों के नामों की पहली सूची पर अब बस प्रदेश नेतृत्व की आधिकारिक मुहर लगनी बाकी है। सम्भावना है कि पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची आज रात तक घोषित की जा सकती है। युद्ध स्तर पर हो रही इस कवायद में पार्टी के चुनाव समन्वयक, और चुनाव प्रभारियों के अलावा स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी और संगठन पदाधिकारी शामिल हैं। वार्डों में लोगों की बढ़-चढ़कर हो रही दावेदारी में से पैनल को शोर्ट-लिस्ट करने के लिए रात-रात भर बैठकें हो रही हैं।

बसपा ने आवेदन लेने शुरू किये
बसपा के प्रदेशाध्यक्ष भगवान सिंह बाबा ने कहा कि पार्टी जयपुर, जोधपुर और कोटा के सभी नगर निगमों में अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। बाबा के अनुसार 1 साल पहले हुये निकाय चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा था। विभिन्न जिलों में पार्टी के 24 पार्षद विजयी हुए थे। इस बार भी पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। चुनाव के लिये पार्टी ने इच्छुक दावेदारों के आवेदन लेने शुरू कर दिये हैं।

19 अक्टूबर तक भरे जायेंगे नामांकन-पत्र
नगर निगम के चुनावों के लिये दो दिन पहले 14 अक्टूबर से नामांकन-पत्र भरने का कार्य शुरू हो चुका है। लेकिन अभी तक किसी भी पार्टी ने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। लिहाजा नामांकन-पत्र भरने का कार्य जोर नहीं पकड़ पाया है। पर्चे दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर है। 18 अक्टूबर को अवकाश होने के कारण प्रत्याशी नामांकन-पत्र जमा नहीं करा पायेंगे। तीनों शहरों के 6 निगमों के चुनाव 2 चरणों में 29 अक्टूबर और 1 नवंबर को मतदान होंगे। 20 अक्टूबर को नामांकन-पत्रों की जांच होगी। 22 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। 23 अक्टूबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जायेगा।