जयपुर। जयपुर नगर निगम हैरिटेज के 100 वार्डों के लिए मतदान 29 अक्टूबर को होंगे। इन चुनावों में खड़े हुए प्रत्याशियों के लिए वोटरों को लुभाने का आज आखिरी दिन है। शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। ऐसे में आज ये प्रत्याशी स्वयं व इन क्षेत्रों के दिग्गज नेता अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झौंक देंगे। यहां सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। इस बार कोरोना की वजह से एक घंटे का समय मतदान के लिए बढ़ाया गया है। जयपुर हैरिटेज में 430 प्रत्याशी अपने किस्मत आजमा रहे है। इनमें 200 प्रत्याशी कांग्रेस व भाजपा के है। इसके अलावा 230 प्रत्याशी निर्दलीय व बसपा, आरएलपी समेत अन्य पार्टियों के उम्मीदवार है।

100 वार्ड में है 1581 मतदान केंद्र
जयपुर हैरिटेज नगर निगम में 100 वार्डों में 1581 मतदान केंद्र बनाए गए है। जानकारी के अनुसार प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक कर्मचारी की ड्यूटी केवल मतदाताओं के हाथाें काे सैनिटाइज करने के लिए ही लगाई जाएगी। मंगलवार को शहर में बने करीब 1941 मतदान केन्द्राें काे दमकल के 40 वाहनाें से सैनिटाइज किया जाएगा।

9.32 लाख 807 मतदाता
निर्वाचन विभाग के अनुसार जयपुर हैरिटेज नगर निगम में 9 लाख 32 हजार 807 मतदाता है। इनमें 4 लाख 91 हजार 581 पुरुष और 4 लाख 41 लाख 211 महिला और 15 अन्य श्रेणी के मतदाता है।

मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित
जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर जिला जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) अंतर सिंह नेहरा ने मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सोमवार को एक आदेश जारी कर मतदान दिवसों को संबंधित नगर निगम क्षेत्रों में स्थित कार्यालयों में परक्राम्य लिखित अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया।

निर्वाचन क्षेत्र एवं 5 किमी की परिधि में सूखा दिवस घोषित
जयपुर नगर निगम हैरिटेज और ग्रेटर के आम चुनाव के लिए जिला कलेक्ट्रेट ने तैयारी लगभग पूरी है। सोमवार को जिला जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) अंतर सिंह नेहरा ने एक आदेश जारी किया। इसमें प्रथम चरण में नगर निगम हैरिटेज एवं द्वितीय चरण में जयपुर ग्रेटर में निगम सदस्यों के होने वाले निर्वाचन के दौरान सूखा दिवस घोषित किया है। आदेशानुसार सूखा दिवस दोनों निगम के निर्वाचन क्षेत्रों एवं उससे लगते हुए 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में प्रभावी रहेगा। प्रथम चरण में जयपुर हैरिटेज में 29 अक्टूबर होने वाले मतदान से पूर्व 27 अक्टूबर शाम 5:30 बजे से 29 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे मतदान समाप्ति तक रहेगा। वहीं, द्वितीय चरण में जयपुर ग्रेटर में 1 नववंबर को मतदान दिवस से पूर्व 30 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे से 1 नवंबर को शाम 5:30 बजे मतदान समाप्ति तक सूखा दिवस रहेगा।