जयपुर। नरेंद्र मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल और विस्तार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मोदी कैबिनेट विस्तार में राजस्थान प्रदेश भाजपा को भी अपने ‘कोटे’ से मंत्री बनाये जाने की उम्मीद परवान पर हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रदेश के तीन सांसदों को पहले ही टीम मोदी ने जगह दी हुई है। ऐसे में इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदेश से ज़्यादा कोई नाम हों ऐसी संभावना कम ही है।

इनके नाम की चर्चा जोरों पर
मोदी कैबिनेट विस्तार से पहले जारी अटकलों में प्रदेश भाजपा के तकरीबन आधा दर्जन नेताओं के नामों की चर्चा है। इनमें सबसे ऊपर चूरू से लगातार दूसरी बार सांसद राहुल कस्वां का नाम है। वहीं, राजसमंद सांसद दिया कुमारी, पाली सांसद पीपी चौधरी, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती का नाम भी संभावितों की दौड़ में शामिल है। हालांकि सांसद पीपी चौधरी मोदी कैबिनेट में पहले भी मंत्री रह चुके हैं ऐसे में उन्हें रिपीट करने की संभावना भी बेहद कम है।

भूपेंद्र यादव के नाम को लेकर सस्पेंस
जारी अटकलों के बीच राज्य सभा सांसद भूपेंद्र यादव के नाम की भी चर्चा है। भाजपा ने यादव को अब तक संगठन में ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नवाजा है और वे उनपर खरे भी उतरे हैं। ऐसे में क्या उन्हें संगठन के कामकाज से शिफ्ट कर मंत्री बनाया जाएगा ये सस्पेंस बना हुआ है। भूपेंद्र यादव के नाम को लेकर राजनीतिक प्रेक्षक भी दो राय में बंटे नज़र आ रहे हैं।

अबतक इन मंत्रियों का इस्तीफा हुआ..

1. डॉ. हर्षवर्धन (स्वास्थ्य मंत्री)
2. रमेश पोखरियाल निशंक (शिक्षा मंत्री)
3. संतोष गंगवार (श्रम मंत्री)
4. देबोश्री चौधरी (महिला राज्य मंत्री)
5. सदानंद गौड़ा (रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय)
6. संजय धोतरे (केंद्रीय राज्य मंत्री)
7. थावरचंद गहलोत (राज्यपाल बने)
8. प्रताप सारंगी (राज्य मंत्री)
9. रतनलाल कटारिया (राज्य मंत्री)
10. बाबुल सुप्रियो (राज्य मंत्री)