जयपुर। महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की जेब पर अब एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है. सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए है। इनकी कीमत में 50 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा किया गया है। आज से घरेलु उपयोग का 14.2KG का गैस सिलेंडर 1056.50 रुपए में मिल रहा है। 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 18 रुपए का इजाफा हुआ है।

2 महीने में 103 रुपए बढ़े घरेलु गैस के दाम
तेल-गैस कंपनियों ने इससे पहले मई में घरेलु गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया था। 7 मई को 50 रुपए और 19 मई को 3 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद बुधवार को एक बार फिर 50 रुपए बढ़ाए है। इस तरह 2 महीने में घरेलु उपयोग का सिलेण्डर 103 रुपए तक महंगा हो गया है।

किस शहर में कितना हो गया रसोई सिलेंडर
आज की ताजा बढ़ोतरी के बाद रसोई गैस सिलेंडर के सबसे ज्‍यादा दाम कोलकाता निवासी चुका रहे हैं। यहां अब 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत 1,079 रुपए हो गई है। इसके बाद चेन्‍नई में भी 50 रुपए दाम बढ़े और यहां कीमत 1,068.50 रुपए प्रति सिलेंडर पहुंच गई है। सबसे कम कीमत मुंबईवासी चुका रहे हैं, जो एक सिलेंडर के लिए 1,052.50 रुपए का भुगतान करते हैं। दिल्ली में अब घरेलू LPG सिलेंडर 1053 रुपये में मिलेगा।

कमर्शियल सिलेंडर हुआ सस्ता
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ऑफ राजस्थान के महासचिव कार्तिकेय गौड़ ने बताया कि बुधवार को IOCL, HPCL, BPCL तेल-गैस कंपनियों ने घरेलु के अलावा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर कंपनियों ने 8.50 रुपए प्रति सिलेंडर कम की है। इस कमी के बाद आज से जयपुर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2046.50 रुपए के बजाए 2038 रुपए में सिलेंडर मिलेगा।