जयपुर। राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार जाट नेता सतीश पूनिया को सौंपी गई है। शनिवार को नए प्रदेशाध्यक्ष बने सतीश पूनिया को प्रदेश नेताओं की तरफ से शुभकामनाएं मिलनी शुरू हो गई। लेकिन अगले दिन रविवार को सतीश पूनिया को ऐसी राजनीतिक हस्ती ने शुभकामनाएं दी जो अब इस दुनिया में ही नहीं है। दरअसल भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की मृत्यु के बाद ये पद काफी समय से खाली चल रहा था जिसके बाद अब इसकी कमान पूनिया को सौंपी गई है। रविवार को किसी ने मदनलाल सैनी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से सतीश पूनिया को बधाई दे डाली जिसके बाद जिसने भी ये देखा उसे एक बार तो विश्वास ही नहीं हुआ।

सैनी के परिजनों ने दी थी बधाई

स्वर्गीय मदनलाल सैनी के निधन के बाद उनके शुभकामना संदेश जिसने भी देखा वो अचम्भा रह गया। गौरतलब है कि सैनी के निधन के बाद से उनका आधिकारिक फेसबुक अकाउंट उनके परिजन चला रहे हैं। इसी क्रम में सतीश पूनिया को नए प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने का पोस्ट भी उनकी आईडी पर डाला गया। हालांकि जब ये पता चला है कि ये पोस्ट उनके परिजनों ने पोस्ट की है तो सबने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि सतीश पूनिया और मदनलाल सैनी में अच्छे संबंध थे। सैनी के निधन के बाद से भाजपा आलाकमान इस बात को लेकर कश्मकश में था कि वो प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व किसे सौंपे। आगामी स्थानीय चुनावों को देखते हुए आलाकमान ने जाट नेता सतीश पूनिया पर भरोसा जताया है।