जयपुर। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने आम आदमी को झटका देते हुए शनिवार को एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन जयपुर में डीजल की कीमत में 32 पैसे और पेट्रोल की कीमत में 26 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। इसके बाद जयपुर में एक लीटर पेट्रोल 109 रुपए 14 पैसे, जबकि डीजल 99 रुपए 77 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गया है। जो इतिहास में अब तक का सबसे अधिक है।

केंद्र और राज्य सरकारें वसूलती हैं भारी टैक्स
पेट्रोल की कीमतों में 60 फीसदी हिस्सा सेंट्रल एक्साइज और राज्यों के टैक्स का होता है। जबकि डीजल में ये 54 फीसदी होता है। पेट्रोल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी 32 रुपए 90 पैसे प्रति लीटर है। जबकि डीजल पर 31 रुपए 80 पैसे प्रति लीटर है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आमतौर पर रोज बदलाव होता है। ये कीमतें बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय क्रूड कीमतों और फॉरेन एक्सचेंज रेट के आधार पर तय होती हैं।

तेजी से बढ़ रहे कच्चे तेज के दाम
बता दें पेट्रोल-डीजल की दामों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह वैश्विक मांग में तेजी की वजह से कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी को माना जा रहा है। लेकिन पिछले 24 घंटे में ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम 80 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने के बाद अब 78.29 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे हैं और अमरीकी कच्चे तेल डब्ल्यूटीआई के दाम भी करीब एक प्रतिशत कमी के बाद 74.08 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे हैं। इस तरह से फिलहाल अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में गिरावट का रुख है।

साल 2021 में 71वीं बार पेट्रोल के दाम, 70वीं बार बढ़े डीजल के दाम
गांधी जयंती के दिन महंगाई की आग में घी डालते हुए अब तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों के साथ गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम तेल कंपनियों ने 36 रुपए बढ़ा दिए हैं, जबकि घरेलू गैस के दाम अपरिवर्तित रखे गए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम अब जयपुर में 1751 रुपए प्रति सिलेंडर हो चुके हैं। साल 2021 में पेट्रोल के दामों में अब तक 71 बार बढ़ोतरी हो चुकी है और डीजल के दाम अब तक 70 बार बढ़ चुके हैं।