जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के अध्यक्ष और अन्य पदों के लिए शुक्रवार को चुनाव हो रहे है अगर सब कुछ ठीक रहा तो शुक्रवार को ही आरसीए को नया कप्तान भी मिल जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से 12 बजे तक होगा। गुरुवार को दिनभर चले खींचदान के बाद अध्यक्ष पद पर जोधपुर के दो नेता वैभव गहलोत और रामप्रकाश चौधरी आमने सामने हैं। जबकि उपाध्यक्ष पद पर जोधपुर की पूर्व सांसद के बेटे एवं पाली जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष कटोच उतरे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि डूडी-मोदी गुट ने समझौते के लिए उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव का पद मांगा, लेकिन इस पर बात नहीं बन सकी।

चट्टान गिरने से दो बच्चियों की मौत, पांच लोग घायल
सराड़ा (उदयपुर)। कातनवाड़ा पंचायत के मांडवा गांव में नालुआ माता मंदिर की पहाड़ी पर गुरुवार रात चट्‌टान गिरने से गरबा देखने आई दो बच्चियों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच और लोग घायल हो गए, जिनमें से एक बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 10 बजे नालुआ माता के दर्शन कर कुछ बच्चे और महिला-पुरुष गरबा देखने मंदिर के पास बने पंडाल से सटी चट्‌टान के पास जा पहुंचे थे। चट्‌टान एकाएक दरक कर आ गिरी।

पोलो खेलते हुए घायल हुए खेल मंत्री

प्रदेश के खेल मंत्री अशोक चांदना गुरुवार को पोलो खेलते हुए गंभीर रूप से घालय हो गए। जयपुर के कैवेलरी ग्राउंड में खेले जा रहे पोलो मैच में उतरे चांदना हादसे का शिकार हुए। गोल को रोकने के लिए चांदना ग्रुप के खिलाड़ी ने शॉट खेला जो सीधे अशोक चांदना की नाक के पास जाकर लगा जिसके बाद उनकी नाक से खून से बहने लगा। ग्राउंड पर मौजूद मडिकल स्टाफ ने उनका प्राथमिक उपचार किया। खून ना रुकने के कारण उन्हें पास के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आतंकियों को लेकर जयपुर में हाई अलर्ट

त्योहारों के सीजन में देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य प्रमुख शहरों पर आतंकी हमले का साया मंडरा रहा है। प्रदेश की राजधानी जयपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। जैश-ए-मोहम्मद के तीन से चार आत्मघाती आतंकी, जिनमें दो पाकिस्तानी भी हैं, दिल्ली में घुस चुके हैं। ये दिल्ली और आसपास के शहरों को अपना निशाना बना सकते हैं। पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार रात को जयपुर शहर के नौ ठिकानों पर छापा मारा। दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

कर्मचारियों को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत

राजस्थान हाई कोर्ट से प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के उस नोटिफिकेशन की पालना पर रोक लगा दी है, जिसमें कर्मचारियों के वेतन व पेंशन से रिकवरी करने के आदेश जारी किए थे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मोहम्मद रफीक की खण्डपीठ ने राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ की याचिका पर सुनवाई करते हुए रिकवरी पर यह रोक लगाई है।