कोटा. हाड़ौती अंचल में रविवार को भी तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई। कई इलाकों में ओले गिरे। झालावाड़ जिले के गोविंदपुरा गांव में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। कोटा में सुबह 9 बजे तेज गर्जना के साथ पौन घंटे तक झमाझम बारिश हुई। उसके बाद मौसम खुल गया। धूप खिल गई। शाम 4 बजे वापस बादल छाए और धूप-छांव के बीच बारिश होती रही। शाम 6 बजे बाद वापस काली घटाएं छाई और बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। नालियां उफन गई। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। शाम 7 बजे तक जोरदार बारिश का दौर जारी रहा। सुबह 8 से शाम 5 बजे के बीच 6.0 एमएम बारिश दर्ज की गई।

झालावाड़ में आंधी तूफान और बारिश

वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर झालावाड़ जिले के मौसम पर भी पड़ा। रविवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। जिलेभर में कई स्थानों पर मेघ गर्जना के साथ तेज बारिश हुई। बारिश ने बैशाख में सावन का अहसास करा दिया। लगभग 2 घंटे तक चले आंधी तूफान और बारिश के दौर से जिले का मौसम खुशनुमा हो गया। खानपुर, झालरापाटन के कई गांवों में तेज बारिश के साथ बेर के आकार के ओले गिरे। जिले में बिन मौसम लगातार हो रही बारिश से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया

बिजली गिरने से किसान की मौत

झालरापाटन तहसील के गोविंदपुरा गांव में रविवार दोपहर बिजली गिरने से हीरालाल लोधा की मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ कालीसिंध नदी से खेत तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रहा था। इसी बीच तेज गर्जना के साथ बरसात हुई। बचाव के लिए साथी पास ही स्थित टापरी में घुस गए और हीरालाल एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। बिजली गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया। लोग उसे तत्काल एसआरजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नैनवां क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि, हिण्डोली में जोरदार बारिश

बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदली और बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। छतों पर जगह-जगह ओले जमा हो गए। बूंदी शहर में दोपहर करीब एक बजे दस मिनट बरसात हुई। ऐसे में शहर में दिनभर ठण्डी हवा चलती रही। हिण्डोली में भी आधा घंटा तेज बारिश हुई। करवर में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इस दौरान कई पक्षी चोटिल हो गए। वहीं छतों पर ओलों के ढेर लग गए। बांसीभंडेड़ा में भी ओले गिरे। ओलावृष्टि लगभग दस मिनट तक चली।

मौसम में घुली ठंडक, कूलर हुए बंद

बारां शहर समेत जिलेभर में रविवार को बरसात हुई। इसके चलते मौसम में ठंडक घुल गई। लोगों को पंखे और कूलर बंद करने पड़ गए। शाहाबाद, किशनगंज क्षेत्र के कई इलाकों में सुबह बरसात हुई। जलवाड़ा में कुछ देर ओले गिरे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा।