news of rajasthan
गुलाबचंद कटारिया-प्रतिपक्ष नेता भाजपा
news of rajasthan
गुलाबचंद कटारिया-प्रतिपक्ष नेता भाजपा

15वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो गया है। पहले विधानसभा सत्र के लिए प्रोटेम स्पीकर के तौर पर गुलाबचंद कटारिया को नियुक्त किया गया है। कटारिया सबसे पहले नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। आज पूरे दिन यहीं कार्यक्रम चलेगा। प्रोटेम स्पीकर के रूप में उनकी मदद के लिए 3 सदस्य भंवरलाल शर्मा, परशुराम मोरदिया व महादेव सिंह भी नामित किए गए हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता सीपी जोशी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। महेश जोशी मुख्य सचेतक और महेंद्र चौधरी को उप मुख्य सचेतक बनाए गए हैं। राहुल गांधी के आदेश के बाद ही तीनों का नाम फाइनल किया गया। विधानसभा अध्यक्ष की शपथ बुधवार को होगी। सदन 23 जनवरी तक चलेगा।

वहीं वरिष्ट नेता एवं राज्य के पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया को राजस्थान भारतीय जनता पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष भी चुना गया है। वहीं पूर्व संसदीय कार्यमंत्री राजेंद्र राठौड़ को उपनेता बनाया गया है। भाजपा कार्यालय में रविवार को आयोजित विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। इससे पूर्व विधायकों ने पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे का नाम नेता प्रतिपक्ष के तौर पर रखा लेकिन राजे ने विधायकों का धन्यवाद देते हुए खुद अपनी तरफ से कटारिया का नाम आगे बढ़ाया। बैठक में पहले पर्यवेक्षक के तौर पर वित्त मंत्री अरूण जेटली के आने का कार्यक्रम था लेकिन शनिवार देर रात इसमें बदलाव हो गया। उनकी जगह राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय एचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया।


कटारिया को तीसरी बार नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कटारिया 1998 से 2003 तक 11वीं और 2008 से 2013 तक 13वीं विधानसभा में भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। पिछली भाजपा सरकार में विधानसभा में बड़े मुद्दों पर विपक्ष को जवाब देने की जिम्मेदारी कटारिया के कंधों पर थी। अब भी यह काम उन्हीं को दिया गया है।

बता दें, राजस्थान की सत्ता की दो बार कमान संभाल चुकी पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे को विधानसभा चुनावों के बाद एक अहम और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वसुन्धरा राजे को अब दिल्ली के केन्द्रीय आलाकमान सूची में शामिल करते हुए राष्ट्रीय भाजपा उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजे को जनाधार वाली और सक्रिय नेता होने का लाभ मिला है।

Read more: पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे को मिली अहम जिम्मेदारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया