भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाए जाने के सम्मान में पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने जयपुर के सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास पर चाय-नाश्ते का कार्यक्रम आयोजित किया। कटारिया को बधाई देने के साथ ही राजे ने बीजेपी विधायकों से मिलने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया था।

वसुंधरा राजे ने गुलाबचंद कटारिया को भगवान की मूर्ति और गुलाबी फूलों का खूबसूरत गुलदस्ता भेंट किया और कटारिया को शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर राजे ने राजस्थान के सभी बीजेपी विधायकों को अपने आवास पर नाश्ते पर आमंत्रित किया। वसुंधरा राजे ने सभी विधानसभा सदस्यों से बातचीत की और कटारिया को राज्यपाल पद की जिम्मेदारी के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कई पूर्व विधायक भी पहुंचे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, सूर्यकांत व्यास, कालीचरण सराफ, अनीता भदेल, वासुदेव देवनानी, पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित समेत कई भाजपा विधायक व पूर्व विधायक राजे के आवास पहुंचे। वसुंधरा राजे ने एक-एक कर उनसे मुलाकात की। नाश्ते के लिए सादर आमंत्रित किया। इसके साथ राजे ने सभी से ग्रुप में चर्चा की।