जयपुर। राजस्थान में लगातार बढ़ रहे अपरा​ध गहरी चिंता का विषय बना हुआ है। अपराधियों ने पुलिस के नाम में दम कर रखा है। प्रदेश के धौलपुर जिले में एक बार फिर गोलियों की आवाज गूंजने लगी है। कई बड़े डकैतों ने पिछले कुछ समय में या तो सरेंडर कर दिया या फिर पकड़े गए। लेकिन अभी भी कुछ डकैत पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। यहां आज तड़के पुलिस और डकैत के बीच हुई फायरिंग हो गई। इसमें डकैत ने पुलिस के एक कांस्टेबल को गोली मार दी। कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे आगरा ले जाया गया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। पुलिस ने जंगल के चारों तरफ घेरा डालकर डकैत की तलाश के लिये सर्च अभियान चला रखा है।

पुलिस की आखों में धूल झौंककर फरार
जानकारी के अनुसार, दशहरे की शाम को कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर के बारे में पता चला था। पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी कि वह अपने गांव सायपुर आया हुआ है। इसकी सूचना पर जिला पुलिस की स्पेशल टीम और सदर थाना बाड़ी पुलिस उसकी तलाश में निकली। पुलिस सोमवार तड़के 5 बजे सायपुर के पास स्थित मुनखुर के जंगल में पहुंची। वहां दस्यु केशव गुर्जर ने पुलिस को अपनी ओर आता देख उस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसके बाद वह पुलिस की आखों में धूल झौंककर वहां से फरार हो गया। इसमें कांस्टेबल अवधेश को गोली लग गई। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे प्राथमिक उपचार देकर तत्काल गंभीर हालत में आगरा रेफर दिया गया।

मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत भारी पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डकैतों की तलाश के लिये पूरे जंगल को घेर रखा है। सर्च अभियान के जरिये डकैत की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। उल्लेखनीय है कि धौलपुर जिले में डकैतों का हमेशा से ही आतंक रहा है। यहां पुलिस के साथ अक्सर उनकी मुठभेड़ होती रहती है। हालांकि पिछले कुछ समय से पुलिस ने डकैतों पर नकेल डालने की कोशिश की है। इसमें वह काफी हद सफल भी रही है। लेकिन फिर भी डकैत रह-रहकर सिर उठाते रहते हैं।