जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का 8 मार्च को जन्मदिन होता है। हर साल अपने जन्मदिन को यह खास तरीके से मनाती रही हैं। इस बार भी उन्होंने इसे मनाने का ढंग अलग चुना है। इस बारे में उनके दो दिन के कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इसके तहत 7 मार्च को वसुंधरा राजे के लिए गिरिराज मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना का कार्यक्रम तय किया गया है। इसी दिन वे गोवर्धन जी सप्तकोशी की भी परिक्रमा करेंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे 7 मार्च को आदि बद्री में रात्रि विश्राम करेंगी। 8 मार्च को अपने जन्मदिन के मौके पर वसुंधरा राजे आदि बद्रीनाथ मंदिर में होने वाली मंगला आरती में शामिल होंगी, जिसके बाद केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।

50 हजार समर्थक जुटने की संभावना
वसुंधरा राजे ने सात व आठ मार्च को प्रस्तावित धार्मिक यात्रा के कार्यक्रम की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि आदिबद्री धाम में 10 से 12 हजार समर्थकों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही कार्यक्रम में कम से कम 50 हजार लोगों के आने की संभावना तैयारी कर रहे समर्थक गुट ने व्यक्त की है। अभी तक दो दिन का ही धार्मिक यात्रा कार्यक्रम बताया गया है। सात मार्च को सुबह 10 बजे तक पूर्व मुख्यमंत्री राजे आएंगी।

7 मार्च के कार्यक्रम
सात मार्च को सुबह 10 बजे तक पूर्व मुख्यमंत्री राजे श्रीगिरिराजजी परिक्रमा देंगी। परिक्रमा लगाने के बाद कौंथरा से सामई खेड़ा, बहज होते लक्ष्मण मंदिर डीग पहुंचकर पूजा करेंगी। लक्ष्मण मंदिर से सेऊ, सुहेरा होते हुए आदिबद्री पहुंचेंगी। आदिबद्री में रात को रुकने की व्यवस्था है। वहां रासलीला मंचन का कार्यक्रम होगा।

8 मार्च के कार्यक्रम
आठ मार्च को आदिबद्री में सुबह मंगला आरती में शामिल होंगी। जन्मदिन का कार्यक्रम होगा। फिर कामां होते हुए चरण पहाड़ी, भोजनस्थानी, नौनेरा आदि स्थानों पर जाएंगी। नौनेरा में समापन होगा। नगर में पूर्व विधायक अनीता सिंह, डीग-कुम्हेर में पूर्व प्रधान मनोज सिंह, भरतपुर में पूर्व विधायक विजय बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरधारी तिवारी, पूर्व मेयर शिवसिंह भोंट, पूर्व जिला महामंत्री शिवराज तमरौली, वैर में पूर्व सांसद बहादुर सिंह कोली, बयाना में भाजपा नेता रितु बनावत, रिषी बंसल, नदबई में पूर्व मंत्री कृष्णेंद्र कौर दीपा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह जिम्मा संभाले हुए हैं।

वसुंधरा राजे के विकाय कार्यों को नहीं भूल सकती जनता
पंचायत समिति कुम्हेर के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान वंदना सिंह के पति मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व मंत्री स्व.डॉ दिगंबरसिंह एवं भाजपा नेता और विधायकों के अथक प्रयास और पूर्व मुख्यमंत्री राजे के सहयोग से उनके शासनकाल में कराए गए विकास कार्यों को क्षेत्र व जिले की जनता भूल नहीं सकती। पूर्व मुख्यमंत्री के शासनकाल में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए थे। इसमें बृज विश्वविद्यालय कुम्हेर, इंजीनियरिंग कॉलेज, संभाग मुख्यालय, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण, जिले में सड़कों, विद्यालय, अस्पतालों का जाल, ग्राम पंचायतों में गौरव पथों का निर्माण सहित अनेकों विकास की योजनाएं संचालित हुई।

मंदिर और देव दर्शन से वसुंधरा राजे का पुराना जुड़ाव
आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बीते रविवार की शाम जयपुर के गोविंद देव मंदिर और काले हनुमान मंदिर में देव दर्शन किए थे। वैसे तो मंदिर और देव दर्शन से वसुंधरा राजे का पुराना जुड़ाव है, लेकिन इस बार राजनीतिक पंडितों का मानना है कि प्रदेश में भाजपा में जो अंदरुनी खींचतान चल रही है, उस बीच रविवार को राजे के देव दर्शन कार्यक्रम के अलग मायने हैं। उनका मानना है कि इस देव दर्शन के जरिए राजे ने विरोधियों को जयपुर शहर में अपनी सियासी ताकत का एहसास करवा दिया।