जयपुर। राजस्थान में बेलगाम हो रहे कोरोना के कारण पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को राजस्थान में कोरोना के 87 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें जयपुर में 32, पाली में 24, उदयपुर में 12, राजसमंद में 7, सवाई माधोपुर में 5, कोटा में 3, बांसवाड़ा, टोंक, नागौर और भरतपुर में 1-1 संक्रमित मिला। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4213 पहुंच गया है। प्रदेश में मंगलवार को एक साथ एक ही दिन में 16 जिलों में 138 नए पॉजिटिव केस आए हैं। वहीं 4 और लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गयी। राज्य में अब तक कुल 4126 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 117 मरीजों की मौत हो गई है।

प्रवासियों के आने के साथ गांव-गांव फैलने लगा संक्रमण
प्रवासी नागरिकों के बढ़ते आगमन के साथ ही मारवाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने का सिलसिला शुरू हो गया है। पाली जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार सुबह एक साथ 24 नए संक्रमित सामने आए हैं। जालोर जिले में 28 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से अधिकतर प्रवासी हैं। इसी तरह जैसलमेर में भी चार प्रवासियों के पॉजिटिव आने से हड़कंप की स्थिति है। जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में भी चार प्रवासी पॉजिटिव पाए गए हैं।

क्वारैंटाइन टॉप एजेंडा, रोज 25 हजार जांचें होंगी : गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बताया कि गांवों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए क्वारैंटाइन हमारा टॉप एजेंडा रहेगा। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से लाखों लोग राजस्थान लौट रहे हैं, ऐसे में यह बेहद जरूरी है। क्वारैंटाइन व्यवस्थाएं मजबूत करने के लिए कलेक्टरों को अनटाइड फंड में और राशि दी जाएगी।

बस में 40 लोगों के साथ मुंबई से आए 5 पॉजिटिव मिले
राजसमंद शहर में बुधवार को 5 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। जिसमें दोनों महिलाओं की उम्र 38 और 39 साल है। वहीं पुरुष 29, 32 और 37 साल के हैं। जो शहर के गुंजोल, टाडावाड़ा, खरनोटा, दोवड़ा, पिपलीनगर नगर के रहने वाले हैं। इनमें से टाडावाडा, खरनोटा और दोवड़ा में संक्रमित मिले लोग मुंबई से एक बस के जरिए आए थे। इस बस में करीब 40 लोग आए थे। अब पॉजिटिव मिलने के बाद सभी की जांच की जा रही है। वहीं संक्रमित मिले लोगों से संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 26 पहुंच गया है।