जयपुर। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए राजस्थान सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। इसी दौरान गहलोत सरकार ने ऐलान किया है कि अब कोरोना वॉरियर्स की ड्यूटी पर असामयिक मौत होने पर आश्रितों को 50 लाख रुपए दिए जाएंगे। कोरोना ड्यूटी में लगे सभी तरह के कर्मचारियों के लिए यह प्रावधान लागू होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों के कोरोना अभियान से संबंधित ड्यूटी पर रहते हुए कोरोना संक्रमण की वजह से असामयिक मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को 50 लाख रुपए की सहायता को देने की घोषणा की है।

दायरे में सभी होंगे शामिल
केंद्र सरकार ने कोरोना महाप्रकोप में ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो जाने पर सिर्फ स्वास्थ्यकर्मियों का 50 लाख का बीमा करने की घोषणा की है। राजस्थान सरकार ने इसका दायरा बढ़ाते हुए स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा अन्य सभी राज्य कर्मचारियों के साथ साथ संविदाकर्मियों को भी इस बीमा कवर में शामिल किया हैै। इसके दायरे में कोरोना में ड्यूटी कर रहे सरकारी कर्मचारी जैसे पटवारी, ग्राम सेवक, कांस्टेबल, संविदा कर्मचारी सफाई कर्मचारी, स्वास्थ्य कर्मचारी आदि और मानदेय कर्मचारी यथा होमगार्डस, सिविल डिफेंस, आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, मिनी आशा इत्यादि इसके दायरे में आएंगे।

पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 579 पर पहुंचा
राजस्थान में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या शुक्रवार को रात तक 98 पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद अब शनिवार को सुबह तक ही डेढ़ दर्जन और नए केस सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही राजस्थान में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 579 तक जा पहुंचा हैै। कोरोना से प्रदेश में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है।

52 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के एसीएस रोहित कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को राज्य में 18 नए पॉजिटिव सामने आए हैं। इनमें सर्वाधिक 14 मरीज कोटा में आए हैं। वहीं 4 नए पॉजिटिव बीकानेर में पाए गए हैं। कोटा में सभी संक्रमित लोग शहर के तेलघर और चन्द्र घाटा एपीसेंटर से आए हैं। बीकानेर में पॉजिटिव पाए सभी 4 नए मरीज पूर्व में पॉजिटिव आ चुकी मृतक महिला के रिश्तेदार हैं। प्रदेश में अब तक 72 पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट इलाज के बाद नगेटिव हो गई है। इनमें से 52 लोगों के पूरी तरह से ठीक हो जाने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।