जयपुर। राजस्थान में को गुरुवार को कोरोना विस्फोट देखने को मिला। यह महामारी प्रदेश के सभी 33 जिलों तक पहुंच गया। आखिरी बचे बूंदी जिले में भी बुधवार रात को पहली संक्रमित मरीज मिली। युवती 23 मई काे मुंबई से लाैटी है। वहीं, गुरुवार को राज्य में 131 नए पॉजिटिव केस मिले। इनमें झालावाड़ में 69, पाली में 13, भरतपुर में 12, कोटा में 8, झुंझुनू और कोटा में 7-7, चूरू और नागौर में 5-5, दौसा में 4 और अजमेर में 1 संक्रमित मिला। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 7947 पहुंच गया है।

अब 179 संक्रमित मरीजों की मौत
इसके अलावा अजमेर, बांसवाड़ा, दौसा, करौली, नागौर और एक अन्य राज्य के कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हुई। प्रदेश में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7947 हो गई, वहीं 179 संक्रमित मरीजों की मौत अब-तक हो चुकी है। प्रवासी लोगों की बात करें तो आज भी 35 प्रवासी संक्रमित मिले। राज्य में अब-तक 2149 प्रवासी पॉजिटिव आ चुके है।

91 पॉजिटिव 1220 लोगों के संपर्क में आए
जयपुर शहर में 28 अप्रैल से सुपर स्प्रेडर्स (जरूरी सामग्री घर तक पहुंचाने वाले लोग) की सैंपलिंग जारी है। अलग-अलग 240 क्षेत्रों से 10 हजार 106 सैंपल लिए गए। इनमें 91 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन सबके संपर्क में आए 1220 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया था। इनमें भी 348 लोग पॉजिटिव पाए गए। गनीमत यह रही कि यह सभी लोग पहले ही क्वारैंटाइन कर दिए गए थे।

350600 लोगों की कोरोना जांच
प्रदेशभर में अब-तक 3 लाख 50 हजार 600 लोगों के सैंपल लिए जा चुके है। जिनमें से 3 लाख 38 हजार 611 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। और 4032 की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

3202 एक्टिव केस बचे
प्रदेशभर में अब-तक मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों में 3202 एक्टिव केस बचे है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों पर नजर डाले तो 4566 लोग उपचार के बाद ठीक हो चुके है जिनमें से 3913 लोगों को अस्पताल से डिस्चॉर्ज किया जा चुका है।